बैंगलोर

Karnataka SIR: कलबुर्गी में 5.36 लाख मतदाता ‘मिसिंग’, 22 प्रतिशत नाम सूची से बाहर होने की आशंका

Karnataka voter list: कलबुर्गी में 5.36 लाख से अधिक मतदाता 'मिसिंग' श्रेणी में चिन्हित हुए हैं। यह जिले के कुल मतदाताओं का करीब 22 प्रतिशत है।
2 min read
Aug 06, 2026
Karnataka SIR
कलबुर्गी एसआईआर। फाइल फोटो- पत्रिका

कलबुर्गी। कर्नाटक में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के अंतिम चरण में कलबुर्गी जिले से चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। 5 अगस्त तक की डिजिटाइजेशन प्रक्रिया के अनुसार जिले के 5,36,179 मतदाताओं को मिसिंग श्रेणी में चिन्हित किया गया है। यह जिले के कुल 23,71,542 पंजीकृत मतदाताओं का लगभग 22 प्रतिशत है। यानी हर चार से पांच मतदाताओं में से एक का नाम अंतिम मतदाता सूची से बाहर होने की आशंका है।

शहरी क्षेत्रों में सबसे अधिक असर

सबसे अधिक प्रभावित गुलबर्ग दक्षिण और गुलबर्ग उत्तर विधानसभा क्षेत्र हैं। गुलबर्ग दक्षिण में 2,97,785 मतदाताओं में से 1,07,718 (36.17 प्रतिशत) तथा गुलबर्ग उत्तर में 3,35,254 मतदाताओं में से 1,10,349 (32.92 प्रतिशत) मतदाताओं को मिसिंग के रूप में चिन्हित किया गया है। जिले के कुल मिसिंग मतदाताओं में लगभग 40 प्रतिशत केवल इन दो शहरी विधानसभा क्षेत्रों से हैं। अधिकारियों का मानना है कि बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मूल ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण बनाए रखा है, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

18.35 लाख मतदाताओं का सत्यापन पूरा

एसआइआर प्रक्रिया के दौरान अब तक 18,35,363 मतदाताओं से गणना (एन्यूमरेशन) प्रपत्र प्राप्त कर उनका डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है। शेष चिन्हित मतदाताओं के नाम अंतिम सूची से बाहर होने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे तुरंत मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और यदि अभी तक एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है तो उसे शीघ्र संबंधित बीएलओ को सौंप दें।

यदि 17 अगस्त को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में नाम नहीं मिलता है, तो मतदाता फॉर्म-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पुन: नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन संबंधित बीएलओ, तहसील कार्यालय अथवा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भी जमा किया जा सकेगा। इससे पात्र मतदाताओं को दोबारा सूची में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

बढ़ाई थी एसआईआर की समय सीमा

गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग ने पंजाब, कर्नाटक, तेलंगाना और दिल्ली में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का संशोधित कार्यक्रम जारी किया था। इसके तहत इन राज्यों में मतदाता सत्यापन और मतदाता सूची प्रकाशन की तय तिथियों में बदलाव किया गया था। कर्नाटक में भी घर-घर सत्यापन का काम 8 अगस्त तक बढ़ा दिया गया था। राज्य की मसौदा मतदाता सूची 17 अगस्त को प्रकाशित होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को जारी की जाएगी।

Updated on:
06 Aug 2026 02:51 pm
Published on:
06 Aug 2026 02:49 pm