बैंगलोर

धर्म पर आधारित पार्टियों पर प्रतिबंध लगे: दौरेस्वामी

संकुचित सोच रखकर समाज को बांटने वाले राजनीतिक दलों की देश को जरूरत नहीं है
2 min read
doreswamy
धर्म पर आधारित पार्टियों पर प्रतिबंध लगे: दौरेस्वामी

बेंगलूरु. स्वतंत्रता सेनानी डा. एच.एस. दौरेस्वामी ने कहा कि धर्म आधारित राजनीति करने वाली पार्टियों पर प्रतिबंध लगना चाहिए। धर्म पर आधारित राजनीतिक दलों का गठन नहीं होना चाहिए क्योंकि ऐसे दल लोकतंत्र के योग्य नहीं होते हैं। भारत छोड़ो आंदोलन की समृति में गुरुवार को यहां विधायक भवन में अगस्त क्रांति ट्रस्ट द्वारा आयोजित एक गोल मेज बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जातिवाद से परे रहने वाले राजनीतिक दल होने चाहिए। संकुचित सोच रखकर समाज को बांटने वाले राजनीतिक दलों की देश को जरूरत नहीं है।

अफसोस इस बात का है कि आज देश में असहिष्णुता के कारण मानव ही मानव को मारने पर तुला है। पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या इसका सटीक उदाहरण है। कानून को हाथ में लेने का किसी को अधिकार नहीं है और हिंसा को कभी स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। संगठन के समन्वयक अली बाबा ने कहा कि देश के केवल नाम मात्र की स्वतंत्रता मिली है और आजादी मिलने के बावजूद शोषण व उत्पीडऩ जैसे पैशाचिक कृत्य बदस्तूर जारी हैं। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डी.आर. पाटिल, साहित्यकार मेंगलूरु विजय, अप्पासाहेब हरनाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

बच्चों ने पुलिस से लिया रक्षा का वचन
मण्ड्या. प्रार्थना इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने भारतीनगर पुलिस थाने में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों के हाथ पर रक्षा सूत्र बांधकर जनता की रक्षा करने का वचन लिया। थाना प्रभारी आयणगौड़ा ने बताया कि बच्चों में पुलिस का भय मिटाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम रखा गया। बच्चों को मिठाई बांटी गई। शिक्षक वेगटेश, अनुपमा, महेश बाबू, राजेश आदि उपस्थित थे।

विद्यार्थियों की घटती संख्या चिंताजनक
मण्ड्या. पांडवपुर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. केएस भगवान गौड़ा ने सरकारी विद्यालयों मे विद्यार्थी की संख्या कम होने व भवनों की मरम्मत नहीं होने पर चिंता जताते हुए सरकार से इन पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई। स्कूल के स्टाफ ने उनका शॉल, माला से स्वागत किया। कार्यक्रम में शिक्षक किसनेगौड़ा, योगराज, राजीव, चंद्रशेखर मौजूद रहे।

Published on:
10 Aug 2018 05:50 pm