बांसवाड़ा

Banswara News: 5वें बच्चे को जन्म देने पहुंची प्रसूता की अस्पताल में मौत, ANM बनी बड़ी वजह; परिजनों ने किया हंगामा

Banswara News: मामले को लेकर परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही करने और टोकने पर विवाद कर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की और अड़ गए।
less than 1 minute read
• •
Updated: 5 Dec 2024, 10:55 AM IST
Feature image

बांसवाड़ा। जिले के अरथूना क्षेत्र में प्रसव वेदना पर सरकारी उप स्वास्थ केंद्र लाई गई एक महिला की कथित रूप से गलत इंजेक्शन से मौत हो गई। मामले पर दूसरे दिन अरथूना थाना पुलिस ने मृतका का बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। थानाधिकारी प्रकाशचंद्र ने बताया कि इस संबंध में आनंदपुरी क्षेत्र के पूंछियापाड़ा निवासी सुखलाल पुत्र नगजी खांट ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसकी 32 वर्षीया पत्नी कनी गर्भवती थी। मंगलवार को प्रसव वेदना पर उसे नजदीकी उप स्वास्थ्य केंद्र, कुशलकोट लाए।

यहां एएनएम मंजू चौधरी ने उसकी जांच कर उपचार शुरू किया। आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगाने से कनी की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। एएनएम ने तत्काल अन्यत्र ले जाने को कहा तो वे घबरा गए। एएनएम से स्थिति संभालने का आग्रह भी किया, लेकिन उसने हाथ खड़े कर दिए। इस पर उसे लेकर रवानगी के प्रयास किए, तभी कनी की मौत हो गई।

मामले की सूचना देने पर अरथूना पुलिस ने शव परतापुर सीएचसी भेजा। इस बीच, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि महिला का तीन बार मिसकरेज हो चुका है। उसका यह 5वां प्रसव था। मामले को लेकर परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही करने और टोकने पर विवाद कर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की और अड़ गए। इस पर दूसरे दिन बुधवार को शव बांसवाड़ा भेजकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया।

Updated on:
5 Dec 2024, 10:55 AM IST
Published on: