
बांसवाड़ा। कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र की छोटी सरवा पंचायत समिति के बावड़ी निनामा गांव स्थित आदर्श मतदान केंद्र पर सोमवार देर रात करीब 12 बजे हिंसा भड़क गई। चौथे चरण के मतदान के बाद यहां मतगणना चल रही थी। इसी दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। हमले में करीब पांच पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उपद्रवियों ने केंद्र पर लगे टेंट फाड़कर उनमें आग लगा दी। जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी सहित तीन वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।
घटना के दौरान केंद्र को चारों ओर से घेरने और वहां मौजूद लोगों के एक कमरे में फंसे होने की सूचना भी मिली। बताया जा रहा है कि मतदानकर्मियों को भी कमरे में बंद कर दिया गया। तनाव का असर पास की ग्राम पंचायत बावलियापाड़ा में भी नजर आया। वहां बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने और पुलिस बल की जरूरत की सूचना मिली। बताया गया कि परिणाम घोषित नहीं किए जा रहे हैं और उन्हें फिलहाल रोक दिया गया है।
सरपंच पद की कुर्सी दूसरे गांव में जाने की आशंका के चलते मुंडावर के काली पहाड़ी ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र पर तनाव हो गया। प्रतिष्ठा की लड़ाई में सबलगढ़ बनेठी, टेहड़का और काली पहाड़ी के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। फर्जी मतदान कराने के आरोपों से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में चार ग्रामीण घायल हो गए। सभी को ततारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
बसेड़ी उपखंड की ग्राम पंचायत महु गुलावली स्थित मतदान केंद्र पर सोमवार शाम को दो प्रत्याशियों के समर्थक फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर भिड़ गए। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने मतदान केन्द्र से दूर खेतों के पास खड़ी बाइकों पर पेट्रोल डाल आग लगा दी। जिसमें दो बाइकें जल गईं।
गुंदाऊ में दो गुट आमने-सामने हो गए, वहीं पुर में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए ग्रामीणो ने हंगामा कर दिया। गुंदाऊ ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के दौरान आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के बीच भिड़ंत की स्थिति बन गई।