बांसवाड़ा

Banswara Crime : लुटेरी दुल्हन का असली पति गिरफ्तार, 5 पतियों को धोखा देने वाली ‘सलोनी’ के बड़े राज का हुआ खुलासा

Banswara Crime : बांसवाड़ा के घाटोल पुलिस ने पांच दूल्हों को लूटने वाली लुटेरी दुल्हन सलोनी उर्फ कोमल के असली पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद असली पति ने लुटेरी दुल्हन के कई राज खोले। जिसे सुन पुलिस भी हैरान रह गई।
2 min read
Banswara Crime Looteri Dulhan real husband arrested 5 husbands cheated Saloni big secret revealed
दगाबाजी के लिए छठी बार दुल्हन बनी कोमल और उसका असली पति योगेश। फोटो पत्रिका

Banswara Crime : बांसवाड़ा के घाटोल पुलिस ने पांच दूल्हों को लूटने वाली लुटेरी दुल्हन सलोनी उर्फ कोमल के असली पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद असली पति ने लुटेरी दुल्हन के कई राज खोले। जिसे सुन पुलिस भी हैरान रह गई। बांसवाड़ा में करीब पौने चार लाख रुपए ऐंठ कर शादी के बाद घाटोल क्षेत्र के युवक से धोखा कर चुकी युवती मध्यप्रदेश के इंदौर की नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की निकली है। यह खुलासा युवती के साथ मामले में लिप्त उसके असली पति की महाराष्ट्र से गिरफ्तारी के बाद घाटोल पुलिस ने गुरुवार को किया।

गौरतलब है कि घाटोल निवासी पीड़ित को किसी परिचित के जरिए संपर्क पर कथित रूप से इंदौर निवासी सरिता पत्नी मुकेश जैन ने अपनी रिश्तेदार बताकर सलोनी पुत्री सुरेश सोलंकी से गत 11 जून को शादी कराई थी। लड़की की मां का निधन और पिता अक्षम होना बताकर विवाह खर्च के नाम पर करीब पौने चार लाख रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद बीस दिन साथ रहकर पिता बीमार होना बताकर सलोनी मिलने जाने के बहाने इंदौर गई और वापसी नहीं की।

पुलिस अधीक्षक के बाद आदेश के बाद एफआईआर हुई दर्ज

पीड़ित ने इस बारे में सरिता से बात की तो उसने हाथ खड़े कर दिए। सलोनी ने भी लौटने से इनकार कर पीछा करने पर जान से मारने और पुलिस केस में फंसाने की धमकी दी। इसे लेकर पीड़ित ने 4 अगस्त को पुलिस अधीक्षक से गुहार की तो आदेश पाकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। मामले में परिवादी द्वारा अपने स्तर पर पता लगाकर पुलिस को बताया गया कि सलोनी महाराष्ट्र के बुलधाना जिले में इसी तरह शादी कर नई ठगी के प्रयास में है, तो उसने नए शिकार बन रहे युवक को आगाह किया। तब युवक की शिकायत पर महाराष्ट्र पुलिस ने सलोनी को गिरफ्तार किया है।

एएसआई नेपालसिंह के नेतृत्व में टीम महाराष्ट्र गई

इस पर थानाधिकारी निर्भयसिंह ने एएसआई नेपालसिंह के नेतृत्व में टीम महाराष्ट्र भेजी। टीम को बुलधाना थाने से पता चला कि उनके यहां दर्ज मामले में युवती और उसके असली पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तब प्रोडक्शन वारंट के जरिए दोनों को गिरफ्तार किया। गुरुवार सुबह टीम इन्हें घाटोल लाई। कार्रवाई दल में हैड कांस्टेबल नवलकिशोर, कांस्टेबल रणजीत और भूमिका शामिल रहे।

दो बच्चों की मां…

थानाधिकारी निर्भयसिंह ने बताया कि अब तक के अनुसंधान से पता चला है कि आरोपी सलोनी सोलंकी का असली नाम-पता कोमल पुत्री दिलीप पहुंचकर निवासी भानेगांव थाना शेंगांव जिला बुलढाणा महाराष्ट्र है। उसने फर्जी आधार कार्ड बनवाए और नाम-पते बदल-बदलकर दलालों के जरिए पहले पांच जनों से शादी कर धोखा किया। फिर पीड़ित से शादी की। पीड़ित पीछे लगा तब तक वह महाराष्ट्र के अपने गृह जिले में पहुंच चुकी थी। वहां नया शिकार बनाने के प्रयास में पकड़ी गई।

दो बच्चों की मां कोमल के असली पति का नाम योगेश पुत्र माधव थोरात है, जो महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में पारनेर ताल्लुका के अनसेन थानांतर्गत प्रिपरी का निवासी है। कोमल रुपए ऐंठने के बाद योगेश के खाते में डलवाती थी। इससे प्रतीत हुआ कि वह भी फरेब में लिप्त है।

दोनों पुलिस रिमांड पर

घाटोल पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में पेश कर दंपती से अनुसंधान के लिए रिमांड मांगा। अदालत ने दोनों को पुलिस हिरासत में सौंपा। पुलिस अब इनसे शादी करवाने और लाखों रुपए ऐंठने में शामिल रही कथित रिश्तेदार सरिता की असलियत जानने के लिए पूछताछ का रही है।

Published on:
15 Aug 2025 11:15 am