
Banswara Emotional Story : बांसवाड़ा में पालोदा के स्टेट हाईवे-32 बांसवाड़ा-सलूंबर पर मुंगाणा के पास रविवार को बाइक और रोडवेज बस की भिड़ंत में जान गंवाने वाले सुंदनी निवासी निलेश पुत्र विट्ठल यादव और समीर पुत्र रुपलाल यादव दोनों ही हैंडबॉल के अच्छे खिलाड़ी थे और राज्य स्तर पर तीन-तीन बार खेल चुके थे। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। सोमवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। हादसे के बाद ग्रामीणों में चर्चा रही कि यदि दोनों ने हेलमेट पहना होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
मयूर यादव ने बताया कि उनका छोटा भाई निलेश, कपड़े लेने के लिए समीर (18 वर्ष) के साथ बांसवाड़ा गया था। दोनों खरीदारी के बाद लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में दुर्घटना हो गई। निलेश (16 वर्ष) एलबीसएस स्कूल गनोडा में नवमीं में पढ़ रहा था। वह पढ़ने में अव्वल था। निलेश का जन्म से ही एक हाथ नहीं था, इसके बावजूद वह हैंडबॉल का बेस्ट प्लेयर था। समीर भी स्थानीय सरकारी विद्यालय में कक्षा ग्यारहवीं में अध्यनरत था।
निलेश का एक भाई है और उसके पिता हलवाई का काम करते हैं और मां गृहिणी हैं। समीर के भी 2 बड़े भाई है तथा एक छोटी बहन है। उसके पिता रुपलाल अहमदाबाद में निर्माण श्रमिक का कार्य करते हैं। सोमवार को दोनों किशोरों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपे गए। इसके बाद दोनों का गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
बांसवाड़ा जिले में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर सुंदनी के पास रोडवेज बस ने बाइक सवार 2 दोस्तों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों छात्र सड़क पर गिर गए और बस की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मोटागांव थानाधिकारी देवीलाल के अनुसार मृतकों की पहचान सुंदनी निवासी समीर पुत्र रूपलाल यादव और नीलेश पुत्र विट्ठल यादव के रूप में हुई है।