बांसवाड़ा

Rajasthan: महिला आरक्षित वार्ड में पुरुष बना विजेता, सोता रहा सिस्टम, उप सरपंच चुनाव में मतदान भी किया

बांसवाड़ा जिले के पालोदा में पंचायत चुनाव की ऐसी चूक सामने आई है, जिसने निर्वाचन व्यवस्था की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित वार्ड में पुरुष प्रत्याशी ने नामांकन भरा, चुनाव लड़ा और जीत भी गया। उसे निर्वाचन प्रमाण-पत्र तक जारी कर दिया गया। अगले दिन उसने उप सरपंच चुनाव में मतदान भी किया।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 7:01 PM IST
banswara panchayat chunav
Banswara Panchayat Chunav: सांकेतिक तस्वीर (एआई)

बांसवाड़ा। राजस्थान के पंचायत चुनाव में निर्वाचन व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बांसवाड़ा जिले की गढ़ी पंचायत समिति की पालोदा ग्राम पंचायत में अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित वार्ड से पुरुष प्रत्याशी ने चुनाव लड़ लिया। इतना ही नहीं, उसने जीत दर्ज कर निर्वाचन प्रमाण-पत्र भी हासिल कर लिया। हैरानी की बात यह है कि नामांकन से लेकर जांच, मतदान, मतगणना और प्रमाण-पत्र जारी होने तक किसी को आरक्षण की पात्रता का ध्यान नहीं आया। अगले दिन नवनिर्वाचित वार्ड पंच ने उप सरपंच के चुनाव में मतदान भी कर दिया। अब मामला सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग में हलचल मची हुई है।

मामला पालोदा ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या 7 का है। पंचायत में कुल 15 वार्ड हैं, जिनमें से 7 महिलाओं के लिए आरक्षित थे। चुनाव आयोग की ओर से जारी ग्राम पंचायत वार्डवार आरक्षण सूची में वार्ड-7 अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित था। इसकी जानकारी ग्राम पंचायत भवन की दीवार पर भी चस्पा की गई थी।

5 पुरुषों ने किए आवेदन, लड़े चुनाव

इसके बावजूद 15 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया के दौरान इस वार्ड से अनुसूचित जाति वर्ग के पांच पुरुष प्रत्याशियों ने आवेदन कर दिए। इनमें राकेश पुत्र रतनलाल बुनकर भी शामिल थे। रिटर्निंग अधिकारी ने नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी आवेदन स्वीकार कर लिए। इसके बाद 16 नवंबर को मतदान हुआ और मतगणना में राकेश विजयी घोषित कर दिए गए।

149 मतों से जीते राकेश, मिले 206 वोट

वार्ड संख्या 7 में कुल 470 मतदाता हैं। इनमें से 288 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह वार्ड में 61.28 प्रतिशत मतदान हुआ। राकेश को 206 वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर के प्रत्याशी को 57 वोट प्राप्त हुए। इस तरह उन्होंने 149 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। चुनाव में पराजित प्रत्याशियों में कालू, मुकेश, रणछोड़ और राजू शामिल हैं। निर्वाचन प्रमाण-पत्र जारी होने के साथ ही चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी विजेता के रूप में राकेश का नाम दर्ज हो गया।

उप सरपंच चुनाव में भी किया मतदान

निर्वाचन व्यवस्था में लापरवाही का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वार्ड पंच चुनाव के बाद अगले दिन उप सरपंच का चुनाव भी हुआ। इसमें राकेश ने निर्वाचित वार्ड पंच के रूप में मतदान किया। नामांकन जांच से लेकर उप सरपंच चुनाव तक किसी स्तर पर भी आरक्षण संबंधी गलती पकड़ में नहीं आई। मतदान दल चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद रवाना हो गया। अब मामला सामने आने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजी जानकारी

रिटर्निंग अधिकारी एवं गढ़ी उपखंड अधिकारी श्रवण सिंह राठौड़ ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इतनी बड़ी गलती नहीं होनी चाहिए थी। यह कैसे हुआ, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराने के साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भी जानकारी भेज दी गई है। वहां से मिलने वाले दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह वीडियो भी देखें :

Also Read
View All
Banswara : 20 मिनट के लिए पड़ोस में गई मां, लौटी तो घर से गायब मिली 5 माह की मासूम, सीसीटीवी ने खोली पोल

Banswara Panchayat Chunav 2026 Results Updates: कुशलगढ़ MLA के पुत्र रोहित खड़िया जीते, पूर्व विधायक के बेटे की हार; जानें कौन हारा कौन जीता

राजस्थान में यहां सरपंच चुनाव के वोटों की गिनती के बीच भड़की हिंसा, जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी सहित 3 वाहन फूंके; परिणाम रोका

बांसवाड़ा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग: जूनियर्स को ‘आश्रम’ में बुलाकर गाली-गलौज, आपत्तिजनक हरकतें और अशोभनीय नृत्य करवाने का आरोप

बांसवाड़ा: पटाखे की चिंगारी से दो घरों में लगी आग, रातोंरात जलकर खाक हुआ लाखों का सामान; सिलेंडर ब्लास्ट से मची हाहाकार