
Banswara : ठीकरिया (बांसवाड़ा). पांच माह की मासूम बेटी और पांच साल की बड़ी बेटी को घर पर छोड़कर मां महज 20 मिनट के लिए पड़ोस में गई। जब वह वापस लौटी तो घर का मुख्य गेट खुला था और पांच माह की मासूम गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। बाद में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पीले रंग की ड्रेस पहने एक संदिग्ध महिला बच्ची को गोद में लेकर जाती दिखाई दी। कुछ दूरी पर वह ऑटो में बैठकर रवाना होती भी नजर आई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना ठीकरिया (बांसवाड़ा) के राजतालाब क्षेत्र में दाहोद मार्ग स्थित मारुति नगर की है। बच्ची की मां सोनू यादव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह किसी काम से पड़ोस में रहने वाले पवन यादव के घर गई थी। उस समय घर पर पांच माह की मासूम और उसकी पांच वर्षीय बहन मौजूद थीं। लौटने पर छोटी बेटी गायब थी। पति हरीश यादव को मिल से बुलाया और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई।
कॉलोनीवासियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक महिला बच्ची को लेकर जाती दिखाई दी। कुछ दूरी पर वह ऑटो में बैठकर रवाना होती नजर आई। बच्ची के माता-पिता फुटेज में दिखाई दे रही महिला को पहचान नहीं पाए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर महिला और ऑटो की पहचान करने में जुटी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजन से जानकारी ली।