बांसवाड़ा

बांसवाड़ा-उदयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा : रोडवेज बस ने दो छात्रों रौंदा, दोनों की मौके पर हुई मौत

बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई। दोनों दोस्त बांसवाड़ा से नए कपड़े खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी सुंदनी के पास रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
2 min read
banswara accident
Banswara Accident: हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक (फोटो-पत्रिका)

बांसवाड़ा। जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई। बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर सुंदनी के पास रोडवेज बस ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों छात्र सड़क पर गिर गए और बस की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बस में सवार यात्रियों को भी बीच रास्ते में रुकना पड़ा और बाद में वे दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

मोटागांव थानाधिकारी देवीलाल के अनुसार मृतकों की पहचान सुंदनी निवासी समीर (18) पुत्र रूपलाल यादव और नीलेश (16) पुत्र विट्ठल यादव के रूप में हुई है। दोनों दोस्त बाइक से रविवार सुबह कपड़े खरीदने के लिए बांसवाड़ा शहर आए थे। बताया गया कि दोनों ने शहर में नए कपड़े खरीदे और इसके बाद बाइक से अपने घर की ओर लौट रहे थे।

कपड़े खरीदकर लौट रहे थे घर

दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब दोनों बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर सुंदनी के पास पहुंचे, तभी उदयपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे में दोनों छात्रों को संभलने का मौका नहीं मिला। टक्कर के बाद वे बस की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

सिर में गंभीर चोट से मौके पर मौत

हादसे में दोनों छात्रों के सिर में गंभीर चोट आई। चोट इतनी गंभीर थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर हादसा देखकर आसपास के लोग और राहगीर बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।

हादसे के बाद रोडवेज बस चालक वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। बस में मौजूद यात्रियों को भी रास्ते में ही रुकना पड़ा। बाद में यात्रियों ने दूसरे वाहनों की मदद से अपनी यात्रा पूरी की।

हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने संभाली स्थिति

हादसे की सूचना मिलते ही मोटागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा होने के कारण बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और सड़क से यातायात सुचारू करवाया।

दो छात्रों की एक साथ हुई मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है। दोनों दोस्त नए कपड़े खरीदकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
04 Oct 2026 04:02 pm
Published on:
04 Oct 2026 03:57 pm