राजस्थान की राजधानी जयपुर के गोपालपुरा बाईपास (रिद्धि सिद्धि तिराहे के पास) स्थित एक चर्चित कोचिंग संस्थान में एक छात्र के साथ शिक्षक द्वारा की गई बर्बरता का मामला तूल पकड़ गया है। क्लासरूम के भीतर की गई इस मारपीट का लाइव वीडियो जब सोशल मीडिया पर लीक हुआ, तो विद्यार्थियों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते जयपुर के इस प्रमुख कोचिंग हब का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और गुस्साए छात्रों ने सड़कों पर उतरकर जमकर बवाल काटा, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा।