बांसवाड़ा

Banswara : प्रधानी पर घमासान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता की पत्नी का अपहरण, बीएपी ने बदली अपनी रणनीति

Banswara : सज्जनगढ़. पंचायत समिति प्रधान की कुर्सी को लेकर कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बसंतलाल ने रविवार को अपनी पत्नी एवं पंचायत समिति सदस्य चंपा देवी के अपहरण का मामला सज्जनगढ़ थाने में दर्ज करवाया।
3 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 4:04 PM IST
banswara sajjangarh pradhan congress leader wife kidnap bap changed strategy
Banswara : सज्जनगढ़. प्रधान पद की जद्दोजहद के बीच चंपा देवी को परिवार को लौटाने की मांग करते लोग। फोटो पत्रिका

Banswara : सज्जनगढ़ (बांसवाड़ा). पंचायत समिति प्रधान की कुर्सी को लेकर कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बसंतलाल ने रविवार को अपनी पत्नी एवं पंचायत समिति सदस्य चंपा देवी के अपहरण का मामला सज्जनगढ़ थाने में दर्ज करवाया है। इस घटनाक्रम ने प्रधान चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी है। भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने भी नए समीकरण बनाने शुरू कर दिए है। बसंतलाल ने दो निर्दलीय सदस्यों सहित सात पंचायत समिति सदस्यों का समर्थन होने का दावा किया है। पुलिस को दी रिपोर्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि सज्जनगढ़ निवासी गिरीश कलाल और मनीष कलाल ने प्रधान बनाने का झूठा आश्वासन देकर उनकी पत्नी चंपा देवी का अपहरण किया है। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच और वास्तविक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

समर्थकों ने दी 12 घंटे की चेतावनी

रविवार को बसंतलाल के समर्थक कांग्रेस के दोनों वरिष्ठ नेताओं के घर पहुंचे और चंपा देवी को वापस लाने की मांग की। समर्थकों ने चेतावनी दी कि 12 घंटे के भीतर पंचायत समिति सदस्य चंपा देवी को परिवार के सुपुर्द नहीं किया गया तो संबंधित लोगों को अंजाम भुगतना पड़ेगा। इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है।

बीएपी ने भी तैयार किए नए समीकरण

दूसरी ओर, बीएपी ने प्रधान पद को लेकर अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए नए विकल्प तलाशने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में बीएपी की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। कांग्रेस में दावेदारों के बीच खींचतान और सदस्यों के समर्थन को लेकर बने असमंजस के बीच पार्टी नेतृत्व के सामने भी चुनौती बढ़ गई है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से प्रधान पद के चेहरे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

सज्जनगढ़ पंचायत समिति : कांग्रेस का दबदबा, 15 में से 8 वार्डों में जीत

सज्जनगढ़। पंचायत समिति सज्जनगढ़ के वार्डवार चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है। 15 वार्डों में से कांग्रेस ने 8 वार्डों में जीत दर्ज की। वहीं 2 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी।

वार्ड 01 में बीएपी की सरोजनी ने 2771 वोट हासिल कर कांग्रेस की असीता (2661) को 110 वोटों से हराया। वार्ड 02 में भाजपा की सरिता पारगी ने 982 वोट लेकर कांग्रेस की ललिता (927) को 55 वोटों से शिकस्त दी। वार्ड 03 में कांग्रेस की अमूली ने 1823 वोट हासिल कर भाजपा के चिमनलाल (804) को 1019 वोटों के बड़े अंतर से हराया। वार्ड 04 में कांग्रेस की कलावती ने 1371 वोट लेकर भाजपा की प्रमिला (1296) को 75 वोटों से पराजित किया।

वार्ड 05 में कांग्रेस की कमला देवी ने 1330 वोट प्राप्त कर भाजपा की दुर्गा (1025) को 305 वोटों से हराया। वार्ड 06 में कांग्रेस की चम्पा ने 1214 वोट लेकर बीएपी की मंजुला कलारा (983) को 231 वोटों से शिकस्त दी। वार्ड 07 में कांग्रेस की कमला ने 1448 वोट हासिल कर भाजपा के संजय कुमार (1013) को 435 वोटों से हराया। वार्ड 08 में कांग्रेस की सोना ने 1041 वोट लेकर भाजपा की कलावती ओरेल (899) को 142 वोटों से पराजित किया।

वार्ड 09 में निर्दलीय जमना ने 796 वोट हासिल कर भाजपा की लल्ली (765) को 31 वोटों से हराया। वार्ड 10 में बीएपी की सीता ने 1734 वोट लेकर कांग्रेस की सीता (1231) को 503 वोटों से शिकस्त दी। वार्ड 11 में भाजपा के कलुसिंह मेहड़ा ने 1727 वोट प्राप्त कर भाजपा की रसली (835) को 892 वोटों से हराया।

वार्ड 12 में कांग्रेस की कांता ने 2113 वोट हासिल कर बीएपी के शैलेन्द्र (1447) को 666 वोटों से पराजित किया। वार्ड 13 में निर्दलीय बदामी ने 1483 वोट लेकर कांग्रेस की कल्पना (1029) को 454 वोटों से हराया। वार्ड 14 में बीएपी के अमृतलाल ने 1961 वोट हासिल कर निर्दलीय कमलेश (900) को 1061 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। वार्ड 15 में कांग्रेस के रवि गरासिया ने 1492 वोट लेकर भाजपा की अर्पिता (1377) को 115 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।

इस चुनाव में सबसे बड़ी जीत वार्ड 14 में भाजपा के अमृतलाल ने 1061 वोटों से दर्ज की। वहीं सबसे कम 31 वोटों के अंतर से वार्ड 09 में निर्दलीय जमना विजयी रहीं।