बांसवाड़ा

Banswara : दिन में मिस्त्री और रात में लाइब्रेरी में पढ़ता था यशपाल, घर लौटते समय ट्रोले के नीचे दबने से हुई मौत

Banswara Accident : बांसवाड़ा के दाहोद मार्ग स्थित ठीकरिया-मकोडिया पुल पर शनिवार सुबह लोहे के एंगल से भरा ट्रोला पलट गया। बाइक से गुजर रहे 2 युवक ट्रोले के नीचे दब गए। इसमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल है।
2 min read
Banswara Trolley loaded with iron angles overturns Yashpal dies
Banswara Accident : ठीकरिया. मृतक यशपाल डिंडोर, घटना स्थल पर विलाप करते परिवारजन। फोटो पत्रिका

Banswara Accident ठीकरिया. दाहोद मार्ग स्थित ठीकरिया-मकोडिया पुल पर शनिवार सुबह शेड बनाने के चैनल (लोहे के) से भरा ट्रोला अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान बाइक से गुजर रहे दो युवक ट्रोले के नीचे दब गए। इसमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। घटना में ट्रोला चालक सहित 3 लोग घायल हुए। जिनका इलाज चल रहा है। हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवक लाइब्रेरी से घर लौट रहे थे। पुराने पुल के पास से मकोडिया पुल के पुराने रास्ते से मुख्य मार्ग पर आते ही शेड बनाने के चैनल से भरा ट्रोला अचानक पलट गया। जिसके नीचे बाइक सवार 2 युवक दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दबे युवकों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

घायल युवक की पहचान टामटिया निवासी विजय कटारा पुत्र कचरूलाल कटारा के रूप में हुई। वहीं यशपाल सिंह पुत्र थावरचंद डिंडोर (20 वर्ष) लोहे के एंगल के नीचे दब गया। इस दौरान बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

Banswara Accident : ठीकरिया. मृतक को बाहर निकालने का प्रयास करते हुए स्थानीय लोग। फोटो पत्रिका

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव

सूचना पर राजतालाब थाने से एएसआई विशाल जाप्ते के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। करीब 8.45 बजे क्रेन पहुंची और ट्रोले को हटाने का काम शुरू किया गया। बाद में दूसरी क्रेन भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से लोहे के एंगल हटाकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद यशपाल को बाहर निकाला गया। 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्रेन पहुंचने में देरी पर आक्रोश

हादसे की सूचना पर बांसवाड़ा डिप्टी एसपी रामकुमार भी मौके पर पहुंचे और व्यवस्था संभाली। उन्होंने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की समझाइश दी। पूर्व उप जिला प्रमुख डॉ. विकास बामणिया भी मौके पर मौजूद रहे। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के माता-पिता, भाई और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। क्रेन पहुंचने में देरी को लेकर परिजनों व स्थानीय लोगों में आक्रोश भी नजर आया।

वेल्डर मिस्त्री का काम करता था यशपाल

मृतक यशपाल डिंडोर वेल्डर मिस्त्री का काम करता था। काम के साथ वह पढ़ाई भी जारी रखे हुए था। पिछले कुछ दिनों से वह रात के समय लाइब्रेरी जाकर पढ़ाई कर रहा था और परीक्षा की तैयारी में जुटा था। हादसे के समय भी वह लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रहा था।

Updated on:
12 Sept 2026 10:22 pm
Published on:
12 Sept 2026 10:22 pm