
Banswara Zila Pramukh : बांसवाड़ा. जिला परिषद में बोर्ड बनाने को सिर्फ एक दिन का समय शेष बचा है। 25 नवंबर को जिला प्रमुख के चुनाव होंगे और यह तय हो जाएगा कि आखिर किसका बोर्ड बन रहा है। अब जिला प्रमुख की दावेदारी को लेकर राजनीतिक कवायद और तेज हो गई है। बहुमत से दूर रही सभी पार्टियां अब जोड़-तोड़ में लगी हैं। लेकिन इस खेल में सबसे आगे भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) नजर आ रही है। बीएपी ने जिला परिषद में अपना बोर्ड बनाने के लिए भाजपा नेताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार बीएपी के कुछ नेता बोर्ड बनाने को लेकर स्थानीय बीजेपी नेताओं से बातचीत कर रहे हैं और उन्होंने जिला प्रमुख के लिए अपना चेहरा भी फाइनल करके दे दिया है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो बुधवार को बीएपी अपना बोर्ड बनाने का दावा पेश कर देगी। हालांकि सूत्रों से खबर आ रही है कि कांग्रेस भी बोर्ड बनाने को लेकर अंदरखाने चाल चल चुकी है और जिला प्रमुख और उप प्रमुख के नाम तय कर लिए है।
गठबंधन की संभावनाओं को लेकर नाम तय हो गए हैं। बांसवाड़ा जिला परिषद में बोर्ड बनाने को लेकर यदि बीएपी व बीजेपी में गठबंधन होता है तो बीएपी की तरफ से वार्ड 20 से प्रत्याशी संजय गरासिया का नाम जिला प्रमुख के लिए आगे किया जा सकता है। संजय वर्तमान में न्याय अधिकारी समिति के संभाग अध्यक्ष हैं। पार्टी में इनकी पकड़ भी मजबूत है।
इसके अलावा वार्ड 17 से रीना पत्नी राकेश रावत का नाम भी प्रमुखता से चर्चा में है। सूत्रों के अनुसार और भी नाम दावेदारी जता रहे हैं, ऐसी स्थिति में पार्टी वोटिंग करवाकर नाम फाइनल कर सकती है। वहीं उपप्रमुख के लिए वार्ड 3 से चुनाव जीते महेंद्र कुमार बुनकर एवं वार्ड 6 से जीती प्रियंका कुंवर का नाम बीजेपी की तरफ से चर्चा में है।
जिला परिषद में बोर्ड बनाने को लेकर कांग्रेस ने भी प्लान 'बी' बनाया है। सूत्रों के अनुसार बीएपी के कुछ लोग जहां भाजपा के साथ गठबंधन नहीं चाहते हैं तो भाजपा में भी कई लोग बीएपी से गठबंधन नहीं चाह रहे हैं। इसके चलते क्रॉस वोटिंग की संभावना भी नजर आ रही है। क्रॉस वोटिंग की संभावना को देखते हुए कांग्रेस ने जिला परिषद में बोर्ड बनाने की तैयारी कर ली है।
जिला प्रमुख के लिए जहां डॉ. विकास बामनिया का नाम फाइनल है। वहीं उप प्रमुख के लिए जातिगत समीकरणों को साधते हुए उप प्रमुख के नाम भी तय कर लिए हैं। इनमें से वार्ड 4 से जिला परिषद सदस्य बनी दीप्ति झाला एवं वार्ड 16 से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित रवीना पाटीदार के नाम की चर्चा है।