बांसवाड़ा

राजस्थान के 7 जिलों को जोड़ेगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे, 7 घंटे का सफर मात्र 4 घंटे में होगा पूरा

Rajasthan Greenfield Expressway: सरकार ने राजस्थान के अजमेर-बांसवाड़ा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए बजट जारी करते हुए डीपीआर बनाने का काम शुरू कर दिया है।

2 min read
Ajmer-Banswara Greenfield Expressway
Photo: AI-generated

Ajmer-Banswara Greenfield Expressway: बांसवाड़ा। दक्षिणी राजस्थान को प्रदेश की राजधानी से जोड़ने के लिए राजस्थान की मौजूदा सरकार ने अपने पहले बजट में अजमेर-बांसवाड़ा ग्रीन एक्सप्रेस-वे की घोषणा की थी, जो दो साल में घोषणा में ही उलझा रहा। अब खुशी की बात है कि सरकार ने इस ग्रीन एक्सप्रेस-वे के लिए बजट जारी करते हुए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) बनाने का काम शुरू कर दिया है।

अब तक इस मद में 97.22 लाख रुपए की राशि व्यय भी हो गई है। उम्मीद जताई जा रही है जल्द ही डीपीआर सरकार को पेश कर दी जाएगी, उसके बाद आगे की प्रक्रिया शरू होगी। यह हाईवे बनने के बाद राजस्थान के 7 जिलों को सीधा फायदा मिलेगा।

4 घंटे में पूरा होगा अजमेर का सफर

फिलहाल बांसवाड़ा से अजमेर-जयपुर जाने के लिए कोई एक्सप्रेस-वे नहीं है। सामान्य हाईवे और स्टेट रोड से जाते हैं। यहां से वाहन प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा होते हुए अजमेर जाते हैं। दूरी करीब 370 किमी होती है और सड़क सकड़ी और घुमावदार, उतार-चढ़ाव अधिक होने से करीब 6-7 घंटे लगते हैं।

लेकिन ग्रीन एक्सप्रेस-वे बनने के बाद प्रमुख शहरों के बाहर से बायपास से वाहन निकल जाएंगे। दूरी करीब 350 से 360 के आसपास होगी। पर, हाइस्पीड एक्सप्रेस-वे होने, घुमाव कम होने तथा ट्रैफिक कम होने से समय व फ्यूल की बचत होगी। अनुमान लगाया जा रहा है कि 4 घंटे में यात्री अजमेर पहुंच सकेंगे।

राजस्थान के 7 जिलों को जोड़ेगा यह एक्सप्रेस-वे

यह एक्सप्रेस-वे बांसवाड़ा से अजमेर तक में 7 जिलों (बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौडगढ़, भीलवाड़ा, टोंक, अजमेर) को जोड़ने वाला बड़ा कॉरिडोर होगा। इससे इससे पूरे दक्षिण राजस्थान की कनेक्टिविटी और विकास में तेजी आएगी। इससे दक्षिण राजस्थान की राजधानी तक सीधी पहुंच तो संभव होगी।

उद्यम बढ़ेगा, विकास दिखेगा

आरटीआई कार्यकर्ता गोपीराम अग्रवाल बताते है कि राजस्थान स्टेट रोड डवलपमेंट एंड कंट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड से प्राप्त सूचना के अनुसार डीपीआर बनाने का काम शुरू हो गया है और राशि भी खर्च का ब्यौरा प्राप्त हुआ है। अजमेर-बांसवाड़ा ग्रीन एक्सप्रेस-वे बनने से हमारे तार सीधे अजमेर-जयपुर से जुड़ेंगे। यह आगे दिल्ली से भी जुड़ेगा। इससे यहां व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को बढ़ाया मिलेगा। यह प्रोजेक्ट प्रदेश के 9 प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे नेटवर्क का हिस्सा है।

Updated on:
25 Apr 2026 06:20 pm
Published on:
25 Apr 2026 02:14 pm