CM Bhajanlal Sharma Banswara Visit: बांसवाड़ा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए लखपति दीदियों के लिए पैकेजिंग यूनिट बनाने की घोषणा की।
बांसवाड़ा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बांसवाड़ा में आयोजित ग्राम विकास रात्रि चौपाल के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने लखपति दीदी धर्मिष्ठा पंड्या की पैकेजिंग यूनिट की मांग पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मंच से ही जिला कलक्टर इंद्रजीत सिंह यादव को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पैकेजिंग यूनिट और भवन निर्माण के कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने और उन्हें बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
यह वीडियो भी देखें
महिलाओं ने बताया कि आधुनिक सुविधाएं मिलने से उनके उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सकेगी। चौपाल के दौरान राजविकी लखपति दीदियों ने मुख्यमंत्री के सामने अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने मेहनत और संघर्ष के बल पर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और प्रशिक्षण के कारण उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी को अलग बैठक कर इस कार्ययोजना को जल्द तैयार करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के तहत राजविकी लखपति दीदियों को 7 करोड़ रुपए के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। यह पहल महिलाओं की आर्थिक स्थिति को और मजबूत करेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि लखपति दीदी योजना महिलाओं की आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 22 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना के तहत प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से करीब 17 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिले में भी महिलाओं ने इस योजना में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं आगे बढ़ें और अन्य महिलाओं को भी राजीविका समूहों से जोड़ें। उन्होंने कहा कि महिलाएं छोटी पूंजी से अपने बड़े सपनों को साकार कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति की दुनिया में विशेष पहचान है और जनजातीय समाज ने प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति को सहेज कर रखा है। उन्होंने कहा कि गांव और ढाणियों का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे पहले स्थानीय कलाकारों ने आदिवासी अंचल के पारंपरिक लोक नृत्य के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। आदिवासी बंडी और तीर-कमान भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, विधायक कैलाशचंद्र मीणा, शंकरलाल डेचा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व महिलाएं मौजूद रहीं।