
Banswara New SP : प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मार्गदर्शन और प्रशिक्षण देती रहीं 2018 बैच की तेजतर्रार आइपीएस अधिकारी ज्येष्ठा मैत्रेयी अब आदिवासी अंचल में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की कमान सम्भालेगी। बांसवाड़ा की नई पुलिस अधीक्षक मैत्रेयी एक सख्त और संवेदनशील पुलिस अधिकारी के रूप में जानी जाती है। ज्येष्ठा मैत्रेयी का मानना है कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे का रिश्ता मजबूत हो, तभी कानून व्यवस्था प्रभावी बन सकती है।
ज्येष्ठा मैत्रेयी का कहना है कि आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं को समझना प्राथमिकता होगी। जनजातीय अंचल में वे युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने और मार्गदर्शन देने की योजना बना रही हैं। उनका मानना है कि दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत केवल सही दिशा और अवसर की है।
आइपीएस बनने के बाद भी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने खुद को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं रखा। दिल्ली सहित विभिन्न मंचों पर वे यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं को मार्गदर्शन देती रही हैं। उनके व्याख्यानों में परीक्षा रणनीति के साथ ईमानदारी, अनुशासन, संघर्ष और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी होता है।
पुलिस मुख्यालय में सीआईडी-सीबी से स्थानांतरित होकर आई ज्येष्ठा मैत्रेयी अपराध नियंत्रण, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मध्यप्रदेश के गुना जिले में जन्मी ज्येष्ठा मैत्रेयी के पिता गिरीश चंद्र आर्य बिजली बोर्ड में कार्यरत हैं, जबकि माता मंजू देवी स्कूल प्राचार्य हैं। ज्येष्ठा ने यूपीएससी की कठिन परीक्षा एक ही प्रयास में उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में स्थान प्राप्त किया।