
बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में आर्थिक तंगी, लंबे समय से चली आ रही बीमारी और नशे की लत से परेशान एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक बुधवार सुबह इलाज के लिए उदयपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन कुछ देर बाद उसका शव कागदी बांध के पास एक आम के पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान महादेव कॉलोनी निवासी नरेंद्र पुत्र गणेशलाल भोई के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह एक बुजुर्ग की नजर पेड़ से लटके युवक पर पड़ी। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर आसपास के लोगों को बुलाया गया। कॉलोनी के कुछ युवकों ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान की और तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता गणेशलाल भोई ने बताया कि बुधवार सुबह नरेंद्र उदयपुर में इलाज कराने के लिए घर से निकला था। उसके पास बीमारी से संबंधित चिकित्सकीय दस्तावेज भी थे। कुछ देर बाद सूचना मिली कि वह वनेश्वर महादेव पार्क के पास जंगल क्षेत्र में एक आम के पेड़ से फंदे पर लटका हुआ है। यह खबर मिलते ही परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार नरेंद्र लंबे समय से लिवर की बीमारी से पीड़ित था। इसके साथ ही वह नशे का आदी भी था। परिजनों ने उसकी लत छुड़ाने के लिए उसे नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया था, लेकिन सुधार नहीं हो सका। बीमारी और नशे के कारण वह कोई काम नहीं कर पा रहा था, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती चली गई।
परिजनों के मुताबिक, घर का खर्च मृतक की मां और पत्नी मजदूरी करके चला रही थीं। बताया गया कि नरेंद्र कुछ समय पहले रोजगार के लिए कुवैत गया था, लेकिन वहां की नौकरी छोड़कर वापस लौट आया था। वर्तमान में उसका छोटा भाई कुवैत में काम करता है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।