Rajasthan Monsoon Update : राजस्थान का चेरापूंजी बांसवाड़ा जिला इस बार मानसून की झमाझम बारिश के लिए एक पखवाड़े से इंतजार कर रहा है। स्थितियां ये हैं कि काश्तकार रोज खेतों में टकटकी लगाए आसमान में देख रहे है पर मेघों की मेहर का इंतजार बना हुआ है। इस बीच मौसम वैज्ञानिकों ने अंदेशा जताया है कि अरब और बंगाल की खाड़ी का मानसून धीमी गति से वागड़-कांठल में बढ़ रहा है और गुरुवार-शुक्रवार को हल्की तेज बारिश की प्रबल संभावना बन रही है। इस बीच बुधवार रात को दानपुर में करीब 10 बजे तेज बारिश की खुशखबर आने से उम्मीदें और बढ़ गई है।
मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. डॉ. नरपतसिंह राठौड़ ने बताया कि राज्य के पूर्वी व दक्षिणी पूर्वी भागों 2 जुलाई को मेघगर्जन, तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। साथ ही 3 जुलाई को मानसून प्रवेश की प्रबल संभावना है। दक्षिणी पश्चिमी मानसून 2 दिनों में दक्षिणी एवं पूर्वी गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तरप्रदेश तराई तक पहुंच कर सक्रिय हो गया है।
गुरुवार या शुक्रवार को हाडौती, कांठल, वागड़-मेवाड़ के रास्ते प्रवेश कर मानसून का पहला दौर शुरू होगा और यह 3-4 दिन सक्रिय रहेगा। कहीं तेज, तो कहीं सामान्य और खण्ड वर्षा के आसार है।
मानसून के सक्रिय होने की संभावनाओं के बीच ही मौसम विभाग की बेवसाइट से सेटेलाइट पिक हैंग हो गई है। गत 3 दिनों से मानसून की चाल को मौसम वैज्ञानिक देख नहीं पा रहे हैं। अमूमन दो-तीन घंटों में अपडेट होने वाली सेटेलाइट क्लिप 3 दिन से स्थायी हो गई है। इससे मौसम वैज्ञानिकों को मानसून का सटीक विश्लेषण करने में दिक्कत आ रही है।
बांसवाड़ा में एक जुलाई को अधिकतम पारा 37 एवं न्यूनतम 27 डिग्री पारा रहा है। इससे लोगों को तेज गर्मी एवं उमस ने बेहाल कर दिया। पर, गुरुवार को लोगों को काफी हद तक राहत मिलेगी। आने वाले तीन दिन के दरम्यान अधिकतम पारे में 7 डिग्री की गिरावट होगी।
02 जुलाई - 33/26
03 जुलाई - 30/25
04 जुलाई - 30/25
05 जुलाई - 31/25
06 जुलाई - 29/26
(पारा: अधिकतम एवं न्यूनतम)।