28 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बांसवाड़ा में ट्रेलर-पिकअप की भीषण टक्कर, सीकर के ड्राइवर का हाथ कटकर अलग; गंभीर हालत में जयपुर रेफर

Banswara Trailer-Pickup Crash: बांसवाड़ा जिले में लियो सर्किल-दाहोद बाइपास पर ट्रेलर और पिकअप की भीषण टक्कर में सीकर जिले के पलसाना निवासी पिकअप चालक हरी सिंह का हाथ कटकर अलग हो गया। कटे हाथ को आइस बॉक्स में रखकर उदयपुर भेजा गया। चालक के दो छोटे बच्चे हैं।
2 min read
Google source verification
Banswara Road Accident

क्षतिग्रस्त वाहन (पत्रिका फोटो)

Banswara Road Accident: बांसवाड़ा में लियो सर्किल से दाहोद हाईवे जाने वाले बाईपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर और पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप चालक का एक हाथ कटकर शरीर से बिल्कुल अलग हो गया। घायल चालक की पहचान हरी सिंह पुत्र जगदीश प्रसाद के रूप में हुई है, जो सीकर जिले के पलसाना के रहने वाले हैं।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

पिकअप में सवार चालक के साथी ने बताया कि वे शनिवार को पिकअप में लॉकर लादकर बांसवाड़ा से दाहोद की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर का अचानक संतुलन बिगड़ गया। ट्रेलर अपनी साइड छोड़कर गलत दिशा में आया और पिकअप के ड्राइवर वाली साइड में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त चालक हरी सिंह का हाथ खिड़की से थोड़ा बाहर था, जिसके कारण टक्कर लगते ही उनका हाथ कटकर अलग हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।

आइस बॉक्स में रखा हाथ, जयपुर में इलाज जारी

हादसे के बाद राहगीरों और साथी की मदद से गंभीर रूप से घायल हरी सिंह को तुरंत महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हाथ जुड़ने की संभावना को देखते हुए कटे हुए हाथ को सुरक्षित आइस बॉक्स में रखा और मरीज को उदयपुर रेफर कर दिया।

उदयपुर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद हाथ दोबारा जोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वे बेहतर इलाज के लिए हरि सिंह को उदयपुर से जयपुर ले गए हैं, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घायल चालक हरी सिंह के घर में कमाने वाले वही अकेले थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं। इस भयानक हादसे में हाथ गंवाने के कारण अब उनके सामने परिवार के पालन-पोषण और रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।