बांसवाड़ा

बांसवाड़ा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग: जूनियर्स को ‘आश्रम’ में बुलाकर गाली-गलौज, आपत्तिजनक हरकतें और अशोभनीय नृत्य करवाने का आरोप

बांसवाड़ा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस जूनियर्स की रैगिंग के आरोप में 10 सीनियर विद्यार्थियों को अस्थाई निलंबित किया गया है। एनएमसी की शिकायत पर एंटी रैगिंग कमेटी सात दिन में जांच रिपोर्ट देगी।
4 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 9:53 PM IST
banswara medical college ragging case
बांसवाड़ा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग मामले पर बड़ी कार्रवाई, 10 स्टूडेंट्स सस्पेंड (पत्रिका क्रिएटिव फोटो)

Banswara Medical College Ragging Case: बांसवाड़ा जिले में स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की रैगिंग के गंभीर मामले में कॉलेज प्रशासन ने 10 विद्यार्थियों को अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने एंटी रैगिंग कमेटी के सभी सदस्यों की आपात बैठक बुलाई और प्राथमिक जांच के आधार पर यह कार्रवाई की। निलंबित विद्यार्थियों को अपने माता-पिता के साथ कॉलेज में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया है। फिलहाल, दीपावली अवकाश के चलते विद्यार्थी घर गए हुए हैं। उनके कॉलेज लौटने पर एंटी रैगिंग कमेटी पूरे मामले की जांच करेगी और सात दिन में तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपेगी। कॉलेज प्रशासन आरोपी विद्यार्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही पुलिस को रिपोर्ट देने पर भी निर्णय करेगा।

व्हाइट कोट सेरेमनी के दिन सामने आया मामला

कॉलेज में गत 30 अक्टूबर को एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की व्हाइट कोट सेरेमनी हुई थी। उसी दिन एक जूनियर विद्यार्थी ने सीनियर विद्यार्थियों पर रात एक बजे तक रैगिंग लेने, अशोभनीय हरकतें करवाने, अपमानित करने और धमकाने के आरोप लगाए। विद्यार्थी ने इसकी शिकायत सीधे राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) को भेजी। खास बात यह है कि कॉलेज में एंटी रैगिंग कमेटी गठित होने के बावजूद नए विद्यार्थियों ने स्थानीय स्तर पर इसकी शिकायत नहीं की। मामला सीधे एनएमसी तक पहुंचने के बाद कॉलेज प्रशासन को इसकी जानकारी मिली। आयोग की ओर से शिकायत मिलने पर प्रशासन ने आपात बैठक बुलाकर प्राथमिक जांच की और इसमें सामने आए 10 विद्यार्थियों को सात दिन के लिए अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया।

कोड वर्ड में ‘आश्रम’ बुलाकर सुनाए फरमान

जूनियर विद्यार्थियों की रैगिंग कॉलेज परिसर से बाहर एक सीनियर विद्यार्थी के घर पर ली गई। सीनियर्स ने इस जगह को कोड वर्ड में ‘आश्रम’ नाम दिया था। यहां जूनियर्स को रैगिंग के लिए विशेष फरमान सुनाए गए। उन्हें बताया गया कि सीनियर्स के सामने किस तरह आना है, बाल कैसे रखने हैं, कपड़े कैसे पहनने हैं और चश्मा कैसा होना चाहिए। साथ ही ‘बॉस’ को सैल्यूट करने के निर्देश दिए गए। जूनियर्स को यह भी कहा गया कि कोई भी बॉस से पार्टी नहीं मांगेगा और यदि कोई पार्टी मांगेगा तो उसे सिर्फ बिस्किट की पार्टी मिलेगी।

अशोभनीय नृत्य करवाया, कपड़े बदलवाए

शिकायत के अनुसार, रात 8 बजे के बाद जूनियर विद्यार्थियों के आश्रम पहुंचने पर उनके साथ भद्दी गाली-गलौज की गई। उनसे यौन गतिविधियों जैसी मुद्राएं बनवाई गईं और अशोभनीय नृत्य करवाया गया। एक विद्यार्थी से अन्य विद्यार्थियों के सामने कपड़े भी बदलवाए गए। जूनियर विद्यार्थियों को अपमानित करने और धमकाने के आरोप भी शिकायत में लगाए गए हैं।

कॉलेज के पास सीसीटीवी फुटेज नहीं

एनएमसी ने कॉलेज को एंटी रैगिंग कमेटी से मामले की जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करवाने और एफआईआर दर्ज कराने को कहा। विद्यार्थियों के बयान लेने, कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने जैसे बिंदुओं पर आयोग ने जानकारी मांगी है। हालांकि, कॉलेज प्रशासन के पास घटनास्थल से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के बयान और अन्य साक्ष्य महत्वपूर्ण होंगे।

सात दिन में रिपोर्ट देगी एंटी रैगिंग कमेटी

कॉलेज में फिलहाल दीपावली अवकाश चल रहा है और प्रथम वर्ष के विद्यार्थी घर गए हुए हैं। प्रशासन ने निलंबित विद्यार्थियों को माता-पिता के साथ कॉलेज में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों के लौटने पर एंटी रैगिंग कमेटी उनके बयान लेकर पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी। कमेटी को सात दिन में तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपनी है।

मामला सामने आते ही आपात बैठक बुलाकर 10 विद्यार्थियों को निलंबित किया गया है। विद्यार्थियों के कॉलेज आने पर एंटी रैगिंग कमेटी मामले की जांच कर रिपोर्ट देगी।
-योगेश गुप्ता, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, बांसवाड़ा

बाड़मेर मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का मामला सामने आने के बाद 80 विद्यार्थियों पर हुई थी कार्रवाई

बाड़मेर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के साथ रैगिंग, धमकी और अपमानजनक व्यवहार का मामला नवंबर 2026 की शुरुआत में सामने आया था। विद्यार्थियों की ओर से राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) में शिकायत की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सीनियर विद्यार्थियों ने जूनियर्स को जबरन बाल कटवाने, धमकाने और अपमानजनक निर्देशों का पालन करने के लिए दबाव बनाया था। उन्हें 'व्हाइट हाउस' नामक स्थान पर ले जाकर भी अपमानजनक व्यवहार किए जाने के आरोप लगे थे। मामले में 'द ओजी एमएलसी फॉर 2026 बैच' नाम से प्रसारित पीडीएफ का भी जिक्र किया गया था।

शिकायत मिलने के बाद कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच की थी और करीब 80 एमबीबीएस विद्यार्थियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी। इनमें छह विद्यार्थियों को छात्रावास से स्थाई रूप से निष्कासित कर दिया गया था। अन्य विद्यार्थियों को 30, 15 और 7 कार्यदिवस तक शैक्षणिक गतिविधियों से बाहर रखने के साथ एक साल तक सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों में हिस्सा लेने पर रोक लगाई गई थी। वहीं, एनएमसी ने कॉलेज प्रशासन से 24 घंटे में सात बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी थी। आयोग ने जांच, विद्यार्थियों के बयान, बैठक के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए थे।

जोधपुर एम्स में नर्सिंग छात्रा से रैगिंग, तीन सीनियर छात्राओं पर हुई थी कार्रवाई

जोधपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ रैगिंग का मामला सामने आया था। घटना 15 फरवरी की थी, जब 8 मार्च को होने वाली फ्रेशर्स पार्टी की तैयारियों के सिलसिले में विद्यार्थी एक्टिविटी रूम में एकत्रित हुए थे। इस दौरान तीन सीनियर छात्राओं ने प्रथम वर्ष की एक जूनियर छात्रा को कथित तौर पर मौखिक रूप से प्रताड़ित किया था। सीनियर छात्राओं की ओर से कहे गए अपमानजनक शब्दों से जूनियर छात्रा आहत हुई थी।

पीड़ित छात्रा ने मामले की लिखित शिकायत एम्स निदेशक डॉ. गोवर्द्धनदत्त पुरी से की थी और आरोपी छात्राओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एम्स प्रशासन ने प्राथमिक जांच करवाई और मामला एंटी रैगिंग कमेटी के समक्ष रखा। जांच के दौरान तीनों आरोपी छात्राओं ने अपनी गलती स्वीकार की थी। इसके बाद कमेटी ने मुख्य आरोपी सीनियर छात्रा को तीन महीने और उसका सहयोग करने वाली दूसरी छात्रा को एक महीने के लिए निलंबित कर दिया था। तीसरी छात्रा को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था। निलंबन अवधि में दोनों छात्राएं कक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकी थीं।

Updated on:
13 Nov 2026, 9:53 PM IST
Published on:
Also Read
View All