Dog Bites Case: बांसवाड़ा के मोरड़ी गांव में एक खूंखार कुत्ते ने बुधवार सुबह ऐसा आतंक मचाया कि पूरा गांव दहशत में आ गया। महज दो घंटे में 36 लोगों को काटने वाले इस कुत्ते के हमले में मासूम बच्ची समेत 4 लोग गंभीर घायल हो गए, जबकि बच्ची के चेहरे पर 15 से ज्यादा टांके लगाने पड़े।
बांसवाड़ा। जिले के गढ़ी-परतापुर क्षेत्र के मोरड़ी गांव में बुधवार सुबह एक खूंखार कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। करीब दो घंटे के भीतर कुत्ते ने 36 लोगों को काट लिया, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। हमले में तीन बच्चे और एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल परतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और एंटी-रेबीज टीके लगाए गए। गंभीर घायलों को बाद में बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार घटना सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई, जब कुत्ते ने अचानक राह चलते लोगों और घरों के बाहर मौजूद बच्चों पर हमला करना शुरू कर दिया। गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही पांच वर्षीय बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया और उसका गाल बुरी तरह नोच डाला।
बच्ची के पिता महेश ने बताया कि बेटी को बचाने पहुंचे लोगों पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके चेहरे पर 15 से अधिक टांके लगाए गए।
घटना के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति का अंगूठा भी कुत्ते ने बुरी तरह काट लिया। गांव में जैसे-जैसे हमले की खबर फैलती गई, लोग भयभीत होकर घरों में बंद हो गए। कई ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के सहारे कुत्ते को भगाने और पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार लोगों पर हमला करता रहा।
परतापुर सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अजपाल सिंह ने बताया कि कुल 36 घायलों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से अधिकांश को उपचार और टीकाकरण के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्ची और बुजुर्ग को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
लगातार हमलों से परेशान ग्रामीणों ने आखिरकार करीब साढ़े 11 बजे कुत्ते को घेर लिया और उसे मार डाला। घटना की सूचना गढ़ी थाना पुलिस को भी दी गई। इस घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।