
Banswara Land Dispute: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के बावड़ी गांव में जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। थाने से महज एक किलोमीटर दूर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसमें तलवारों और धारदार हथियारों से किए गए हमले में महिलाओं समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने घटना से ठीक एक दिन पहले आनंदपुरी थाने में लिखित शिकायत देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
पीड़ितों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब करीब 11 हमलावर तलवारों और हथियारों से लैस होकर उन पर हमला कर रहे थे, तब मौके पर पुलिस का एक जवान मौजूद था। आरोप है कि वह जवान हमलावरों को रोकने या बीच-बचाव करने के बजाय मूकदर्शक बना रहा और अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाता रहा। हमलावरों में महेश, मांगीलाल, गोविंद, पप्पूलाल, शंकरलाल और कुछ महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं।
जमीन विवाद के हिंसक झड़प में एक ही परिवार के कई लोग लहूलुहान हो गए। घायलों में सोहन, दिनेश, मुकेश, सानुर, रीना, कंकु और रेखा शामिल हैं। सभी को तुरंत आनंदपुरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। वहां सोहन (पुत्र कपूरा) की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रैफर कर दिया है।
आनंदपुरी थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।