राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में देर रात नाले में भरे पानी में नहाने उतरी दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। हादसा आबापुरा थाना क्षेत्र के उमरी नाला डाबरा में मंगलवार को हुआ।
बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में देर रात नाले में भरे पानी में नहाने उतरी दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। हादसा आबापुरा थाना क्षेत्र के उमरी नाला डाबरा में मंगलवार को हुआ। मृतकों की पहचान नादिया निवासी भूली और रोनिका के रुप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दो बच्चियों के शवों को पानी से बाहर निकालकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों बच्चियां बांसवाड़ा जिले के नादिया गांव की रहने वाली थी। वे मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे घर से डेढ़ किलोमीटर दूर नाले में नहाने के लिए गई थीं। लेकिन, देर शाम तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने दो बच्चियों की काफी तलाश की। लेकिन, देर रात तक कोई सुराग नहीं लगा। तभी स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चियों को आखिरी बार गड्ढे के पास देखा गया।
बच्चियों के पानी में डूबने की आशंका के चलते रात करीब 9 बजे आबापुरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई रवि थापा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 4 घंटे तक पानी के अंदर मासूम बच्चियों की तलाश की गई। आखिरकार देर रात करीब एक बजे पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को पानी से बाहर निकाला।
पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इधर, इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है। सुबह से ही महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद बुधवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिए।
मृत बच्चियों की पहचान 9 वर्षीय भूली पुत्री दिलीप निनामा और 8 वर्षीय वीरोनिका पुत्री रामप्रसाद निनामा के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां एक ही मोहल्ले की रहने वाली थी। भूली कक्षा 5वीं की और रोनिका कक्षा 4वीं की छात्रा थी और दोनों साथ-साथ ही पढ़ने जाती थी। मंगलवार को दोनों बच्चियों साथ-साथ नहाने के लिए गई थी। लेकिन, दोनों की डूबने से मौत हो गई।