
राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटिया का मामला
रामसौर। चीखली उपखंड क्षेत्र के धनगांव पीईईओ के अधीन संचालित राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटिया में नौनिहाल टपकती छतों के नीचे क, ख, ग सीखने को मजबूर हैं। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति उजागर कर दी है। विद्यालय में 30 से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन है। लेकिन उनके लिए सुरक्षित कक्ष तक उपलब्ध नहीं हैं। मात्र दो कमरों में संचालित इस पांचवीं तक स्कूल की सभी छतें बारिश के दौरान पूरी तरह टपकने लगती हैं। हालात ऐसे बन जाते हैं कि विद्यार्थियों को न कक्षाओं में बिठाकर और न बरामदे बिठाकर पढ़ाई कराना संभव नहीं रहता। ऐसे में बारिश में कई बार बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए मजबूरन छुट्टी करनी पड़ती है। विद्यालय की स्थिति देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां शिक्षा किस तरह बाधित हो रही है। कमरों में जगह-जगह पानी टपकने से फर्श भीग जाता है। जिससे बच्चों के फिसलने और हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन की जर्जर हालत से विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हर बारिश के साथ बच्चों की पढ़ाई पर संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग दोहराई हैं।
Updated on:
26 Jul 2026 06:00 am
Published on:
26 Jul 2026 06:00 am
