
सूरजगांव के विद्यालय का मामला, अब कक्षा-कक्ष खाली करने का नोटिस
सूरजगांव। पंचायत समिति गलियाकोट की ग्राम पंचायत सूरजगांव में राजकीय प्राथमिक विद्यालय करीब पांच साल से किराए के भवन में संचालित हो रहा है। यह विद्यालय तत्कालीन कांग्रेस सरकार के बजट सत्र वर्ष 2022-23 में खोला गया था। विद्यालय भवन निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की ओर से करीब तीन बीघा भूमि का आवंटन भी करवाया गया। जिला कलक्टर के आदेश से 26 जून 2023 को भूमि आवंटित होने के बावजूद दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक भवन निर्माण की स्वीकृति जारी नहीं हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों को महज दो कमरों में बैठाकर अध्ययन करवाया जा रहा है। संस्था प्रधान अनिल पाटीदार ने बताया कि एक कमरे में कार्यालय और पोषाहार सामग्री रखी हुई है, जबकि दूसरे कमरे में कक्षा एक से पांच तक के सभी विद्यार्थियों को एक साथ बैठाकर पढ़ाया जा रहा है।
कक्षा-कक्ष खाली करने का नोटिस
इधर, राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय सूरजगांव के प्राचार्य ने 13 जुलाई को कक्षा-कक्ष खाली करने का नोटिस जारी किया है। नोटिस में आवंटित कक्षा-कक्षों को जुलाई माह से अनिवार्य रूप से खाली कर संस्था का संचालन अन्य उपयुक्त स्थान पर करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में कहा गया है कि जुलाई माह शुरू हुए पर्याप्त समय बीतने के बावजूद कक्षा-कक्ष खाली नहीं किए गए हैं, जिससे विद्यालय के सुचारू संचालन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है। प्राचार्य ने कक्षा-कक्ष तत्काल प्रभाव से खाली कर कार्रवाई से कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
भवन स्वीकृति नहीं तो कहां चलेगा स्कूल
कक्षा-कक्ष खाली करने के नोटिस के बाद अब राजकीय प्राथमिक विद्यालय के संचालन को लेकर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन के लिए भूमि आवंटित होने के बावजूद निर्माण की स्वीकृति जारी नहीं होना विभागीय उदासीनता को दर्शाता है। यदि जल्द भवन निर्माण की स्वीकृति जारी नहीं हुई तो विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करना भी मुश्किल होगा।
पीईईओ कार्यालय भी पांच किलोमीटर दूर
ग्राम पंचायत मुख्यालय के अधीन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रौतवाड़ा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय डेंडोरवाड़ा और राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय सूरजगांव सहित कई विद्यालय संचालित हैं। इसके बावजूद पीईईओ कार्यालय लीमड़ी में होने से विद्यालयों के संस्था प्रधानों और शिक्षकों को विभागीय सूचनाओं एवं अन्य कार्यों के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय के भवन निर्माण की स्वीकृति शीघ्र जारी करने तथा ग्राम पंचायत मुख्यालय सूरजगांव में पीईईओ कार्यालय की व्यवस्था करने की मांग की है।
Updated on:
26 Jul 2026 06:00 am
Published on:
26 Jul 2026 06:00 am
