यूपी के बाराबंकी से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने हत्या कर उसके मांस को खा लिया।
Barabanki Murder Case: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में हुए दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। एक आइसक्रीम बेचने वाले युवक की हत्या कर आरोपी ने न सिर्फ उसका सिर काटा, बल्कि उसके मांस को भी खा लिया। यह मामला टिकैतनगर थाना क्षेत्र के परसवाल गांव का है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन घटना की क्रूरता देखकर हर कोई चौंक गया है।
शनिवार को यह घटना हुई। मृतक युवक का नाम बब्लू है। वह पारा बेहटा गांव का रहने वाला था। बब्लू चार भाइयों में सबसे बड़ा था। घर में उसकी पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। अभी सिर्फ तीन दिन पहले ही उसने बर्फ बेचने का काम शुरू किया था। रोज की तरह शनिवार को भी बब्लू बर्फ की पेटी लेकर परसवाल गांव के पास बेचने निकला था।
बब्लू जब बर्फ बेच रहा था, तब परसवाल गांव के शंकर यादव से उसका झगड़ा हो गया। मामूली बात पर कहासुनी शुरू हुई। शंकर यादव इतना गुस्सा हो गया कि वह घर के अंदर गया और गन्ना काटने वाला चाकू लेकर आया। इसके बाद उसने बब्लू पर हमला कर दिया। बब्लू का ध्यान दूसरी तरफ था। एक व्यक्ति पीछे से बर्फ की पेटी से बर्फ निकाल रहा था। इसी दौरान शंकर यादव ने पीछे से आकर बब्लू की गर्दन पर जोरदार वार किया और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।
हत्या करने के बाद शंकर यादव भागने की बजाय बब्लू का कटा हुआ सिर उठाकर अपनी झोपड़ी में ले गया। वहां उसने मिट्टी के चूल्हे में आग जलाकर सिर को भूनना शुरू कर दिया। सबसे डरावनी बात यह है कि आरोपी ने बब्लू की आंखें, गाल और सिर का मांस नोच-नोचकर खा भी लिया। जब पुलिस को सूचना मिली और वह मौके पर पहुंची, तब भी शंकर यादव कटे हुए सिर को चूल्हे की आग में भून रहा था। परिजनों और चश्मदीदों ने बताया कि वहां का मंजर इतना भयानक था कि देखने वाले की रूह कांप जाती है।
बब्लू के पिता पुनवासी राजभर ने रोते हुए बताया कि मेरा बेटा बर्फ बेचने गया था। आरोपी ने उसे आवाज देकर रोका और बर्फ ली। पैसा मांगने पर वह झोपड़ी में चला गया। देर होने पर बेटा पैसा मांगने गया तो आरोपी ने बांका लेकर हमला कर दिया। उसने मेरे बेटे की आंखें और गाल चबा डाले। पैसों के लिए मेरे बेटे को नरभक्षी बनकर मार डाला गया। पिता ने आगे कहा कि पुलिस ने उन्हें शुरू में एक्सीडेंट बताया था। बाद में सच्चाई पता चली। गांव के अनिल राजभर ने भी बताया कि पैसों को लेकर छोटा सा विवाद था, लेकिन आरोपी ने इतनी क्रूरता कर दी।
बब्लू परिवार की कमान संभालने वाला सबसे बड़ा बेटा था। उसकी मौत से पूरा परिवार टूट गया है। घर में पत्नी और दो नाबालिग बच्चे अब अकेले रह गए हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
पुलिस ने शंकर यादव को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी आना बाकी है, लेकिन चश्मदीदों और पिता के बयान से साफ है कि हत्या के साथ नरभक्षी जैसा जघन्य अपराध भी हुआ है।