बाराबंकी

लहंगा पहना…जयमाला डाली और फिर खूब नाची दुल्हन, विदाई के समय हो गई फरार

Bride disappears at vidai : बाराबंकी में विदाई के समय एख दुल्हन भाग गई। दुल्हन की खोजबीन करते-करते लड़की और लड़के वाले दोनों थक गए। लेकिन, उसका कहीं कोई पता नहीं चला।
2 min read
Feature image
AI Generated Symbolic Image.

बाराबंकी : यूपी के बाराबंकी से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक शादी थी दुल्हन ने सभी रस्में बखूभी निभाई। जयमाला के बाद स्टेज पर खूब डांस किया, सात फेरे लिए। लेकिन, विदाई के समय सब उसे ढूंढ़ते रह गए, वह किसी को न मिली। घराती-बराती सब उसे खोजते रह गए। लेकिन, दुल्हन का कहीं कुछ पता नहीं चला। पूरे दिन पंचायत चली। लड़के वालों का कहना था ऐसा होना थो तो पहले बता देते। लड़का पक्ष के लोग शादी में खर्च हुए पैसों की वापसी पर अड़ गए।

स्टेज पर दुल्हन ने खूब किया डांस

मामला बाराबंकी जिले के बंकी दक्षिण टोला का है। यहां के निवासी बंशीलाल गौतम की बेटी पल्लवी की शादी घुंघटेर थाना क्षेत्र के बाबागंज गांव के रहने वाले सुनील गौतम से तय हुई थी। बारात तय समय पर मंगलवार को बंशीलाल के घर पहुंची। पूरा माहौल एकदम खुशनुमा था। लोग मस्त अपना खा पी रहे थे। शादी की सारी रस्में निभाई जा रहीं थी। स्टेज पर एक दूसरे को वरमाला पहनाने के बाद डीजे पर डांस का दौर भी चला। खुद दुल्हन ने खूब डांस किया। इसके बाद शादी की अन्य रस्में भी निभाईं गईं। सात फेरे हुए और विदाई की तैयारी शुरू हो गई।

दोनों पक्षों में शुरू हुई बहस

तभी अचानक खबर फैली कि दुल्हन घर में है ही नहीं। यह सुनते ही दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। सब एक-दूसरे का मुंह ताकने लगे। कोई समझ नहीं पा रहा था कि क्या बोला जाए, क्या किया जाए। लड़की वालों ने फौरन दुल्हन की तलाश शुरू कर दी। सहेलियों, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों को लगातार फोन किए जाने लगे। समय बीतता गया और दूल्हे पक्ष का गुस्सा बढ़ता चला गया। धीरे-धीरे बातचीत तीखी हो गई, फिर बहस शुरू हो गई।

हंगामा बढ़ा तो कई बाराती चुपचाप खिसक लिए, लेकिन दूल्हा अड़ गया। बोला, 'जब तक दुल्हन नहीं मिलती, मैं यहां से कहीं नहीं जाऊंगा।' दुल्हन के माता-पिता हाथ जोड़कर मिन्नतें करने लगे, 'हमें सच में नहीं पता बेटी कहां चली गई,' जब साफ हो गया कि अब दुल्हन नहीं मिलने वाली, तो दूल्हे पक्ष वालों ने शादी का सारा खर्च मांगना शुरू कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस

इस बात को लेकर रिश्तेदारों ने पंचायत बिठाई। बैठकर सुलह करने की कोशिश हुई, पर कोई हल नहीं निकला। एक तरफ दुल्हन पक्ष अपनी बेटी के गायब होने से सदमे में था, दूसरी तरफ दूल्हा पक्ष पैसे की मांग पर अड़ा था। हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। अब सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दुल्हन की तलाश जारी है।

Updated on:
21 Nov 2025 02:59 pm
Published on:
21 Nov 2025 02:08 pm