UP: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में टेस्ट ड्राइव के बहाने शातिर बदमाशों ने शोरूम कर्मचारी को चलती XUV-300 से नीचे फेंक कर गाड़ी लूट ली।
UP: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शातिर बदमाशों ने 'टेस्ट ड्राइव' को लूट का नया जरिया बना लिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के 'न्यू बाराबंकी कार बाजार' में मंगलवार शाम चार युवक ग्राहक बनकर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक शोरूम में खड़ी सेकंड हैंड गाड़ियों को देखा और अंत में सफेद रंग की महिंद्रा XUV-300 पसंद की। गाड़ी की कंडीशन चेक करने के बहाने उन्होंने टेस्ट ड्राइव की मांग की। शोरूम मालिक ने एक कर्मचारी को उनके साथ गाड़ी में भेज दिया। जैसे ही गाड़ी शोरूम से करीब एक किलोमीटर दूर हाईवे पर पहुंची बदमाशों ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। उन्होंने कर्मचारी के साथ मारपीट की और उसे चलती गाड़ी से सड़क पर नीचे धकेल दिया।
लूट की यह पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चारों युवक पैदल ही शोरूम पहुंचे थे। दिखने में वे सामान्य घरों के लड़के लग रहे थे जिन्होंने पैंट-शर्ट और जैकेट पहन रखी थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। बदमाशों के चेहरे कैमरों में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुए हैं, जिससे पुलिस को उम्मीद है कि वे जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। शोरूम संचालक शाहिद ने बताया कि बदमाशों ने जिस XUV-300 को निशाना बनाया उसकी बेस प्राइस करीब 8 लाख रुपये है। कर्मचारी ने घायल अवस्था में किसी तरह मालिक को सूचना दी जिसके बाद हड़कंप मच गया।
इस वारदात ने बाराबंकी पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने जिस निडरता से इस लूट को अंजाम दिया वह किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। घायल कर्मचारी के मुताबिक बदमाश पहले बहुत शालीनता से बात कर रहे थे लेकिन हाईवे पर सुनसान जगह देखते ही उन्होंने हमला कर दिया। कर्मचारी को धक्का देने के बाद वे तेज रफ्तार में लखनऊ की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के ढाबों और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि गाड़ी के भागने की सही दिशा का पता लगाया जा सके।
इस घटना के बाद बाराबंकी के कार बाजार संचालकों में दहशत का माहौल है। 'न्यू बाराबंकी कार बाजार' के मालिक शाहिद ने नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में कई टीमें गठित कर दी गई हैं। जिले के सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्ध गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह किसी पेशेवर गिरोह का काम हो सकता है जो पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा हो। फिलहाल पुलिस कर्मचारी के बयान और सीसीटीवी के आधार पर संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दे रही है।