
3 Real Sister Died From Electric Shock: बारां जिले के सदर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसे में 3 सगी मासूम बहनों की मौत हो गई। हादसा खेत पर बने घर में हुआ जहां कूलर में करंट आने से तीनों बच्चियां इसकी चपेट में आ गईं। मृतकों में 7 साल की सलोनी, 3 साल की अवंतिका और 1 साल की संध्या शामिल हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बारां जिले के सदर थाना अधिकारी नवल किशोर मीणा ने बताया कि गुना जिले के सिरसी थाना क्षेत्र के करनावता गांव निवासी मदनलाल सहरिया फतेहपुर गांव में एक किसान के यहां खेतीहर मजदूरी का काम करता है। मदनलाल अपने परिवार के साथ किसान के खेत पर बने घर में रह रहा था। शनिवार को परिजन खेत पर मजदूरी करने गए हुए थे। इस दौरान तीनों बच्चियां घर पर ही थीं। पीछे से घर में हादसा हो गया।
प्रांरभिक जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि कूलर में अचानक करंट आ गया। इसी दौरान तीनों बच्चियां कूलर के संपर्क में आ गईं और करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। जब परिजन काम से वापस घर पहुंचे तो तीनों बच्चियों को देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और बच्चियों को अस्पताल लेकर गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। तीनों बच्चियों को अस्पताल लाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन मासूम बेटियों की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे गांव में भी शोक की लहर है।
बारां उपखंड अधिकारी रामावतार मीणा ने बताया कि तीनों बच्चियों की करंट लगने से मौत की सूचना मिलने पर प्रशासन अस्पताल पहुंचा। तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। शवों को उनके मूल गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही घटना की बारीकी से जांच करवाई जा रही है।
उपखंड अधिकारी ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से नियमानुसार हर संभव मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। हादसे की जानकारी के बाद पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।