
बारां। जिले से एक करंट लगने का मामला सामने आया। जिले के केलवाड़ा थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गदरेटा गांव के एक घर में बिजली बोर्ड के संपर्क में आने से 7 साल के मासूम डब्बू पुत्र मिलन सहरिया की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार को डब्बू अपने घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह अनजाने में घर में लगे बिजली के बोर्ड के संपर्क में आ गया।
यह वीडियो भी देखें
बोर्ड में करंट दौड़ रहा था, जिससे बच्चे को जोरदार बिजली का झटका लगा। करंट इतना तेज था कि मासूम को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने वहीं दम तोड़ दिया। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
मासूम की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बच्चे के शव से लिपटकर रोते रहे और गांव का माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए बारां के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा घर में लगे खुले या खराब बिजली बोर्ड के कारण हुआ। लोग परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही भंवरगढ़ थाना क्षेत्र के डिकोनियां गांव की रानीपुरा सहरिया बस्ती में विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से बस्ती में करंट फैल गया। इस हादसे में पप्पू सहरिया की मौत हो गई थी। वहीं एक बालिका घायल हो गई थी। इतना ही नहीं करंट फैलने से बस्ती के करीब दो दर्जन घरों के विद्युत उपकरण भी जल गए।
सूचना मिलने पर डिकोनियां गांव की विद्युत आपूर्ति बंद करवाई गई थी। इसके बाद करंट की चपेट में आए पप्पू सहरिया और खुशी सहरिया को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जांच के बाद चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र नागर ने पप्पू सहरिया को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि सहरिया बस्ती के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर गिर गया, जिससे पूरी बस्ती में करंट फैल गया।