बारां जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौटे युवक की मौत हो गई। युवक की कार अनियंत्रित होकर 100 फीट गहरी पार्वती नदी में जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बारां। कोयला कस्बे के समीपवर्ती कोटडी सुंडा गांव के समीप देर रात को कार सहित युवक की पार्वती नदी में गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कोयला निवासी लोकेश मेहता पुत्र चंद्रमोहन मेहता शादी समारोह में सम्मिलित होने कोटडी सुंडा गया था। देर रात को रास्ता भटककर सायगढ़ गांव के मोतीसरजी महाराज के मंदिर के पास पार्वती नदी के किनारे पहुंच गया।
आगे रास्ता बंद होने पर कार को पीछे लेने के दौरान युवक कार सहित पार्वती नदी में गिर गया, जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई। देर रात पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से युवक को बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन थोड़ी देर में ही उसकी मौत हो गई।
सुबह सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची जिन्होंने ट्रैक्टर और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। कार में और भी लोग सवार होने की आशंका के चलते सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अन्य कोई शव नहीं मिला। बाद में कार में एक ही युवक के होने की जानकारी सामने आई।
सदर थाना अधिकारी हीरालाल पूनिया ने बताया कि कोयला निवासी युवक रास्ता भटक कर सायगढ़ के समीप पार्वती नदी के किनारे पहुंच गया था। जहां कार को पीछे लेने के दौरान युवक कार सहित नदी में गिर गया जहां से कार गिरी वहां नदी से ऊंचाई 80 से 100 फीट है। पानी भरा हुआ था युवक को रात में ही बाहर निकाल लिया गया था।
प्रत्यक्षदर्शी डॉ. पुष्पेंद्र त्योहारिया ने बताया कि रात को 11:30 बजे के आसपास एक युवक कार लेकर पार्वती नदी किनारे पहुंचा, आगे रास्ता बंद होने पर कार को पीछे ले रहा था, तभी कार नदी में गिर गई। जहां कार गिरी वहां नदी में 10 से 12 फीट पानी भरा था। कार की लाइट जल रही थी। नदी के किनारे खड़ी ढाल वाले और रास्ते टेढ़े-मेढ़े थे।
पुष्पेंद्र ने बताया कि 'मैं नदी में कूद कर कार के पास पहुंचा। युवक कार से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। मैं गांव के अन्य साथी युवक रवि मेघवाल की सहायता से कार के गेट को मोड़कर बड़ी मुश्किल से युवक को बाहर निकाला और उस समय तक उसके फेफड़ों में पानी भर चुका था और पल्स भी धीरे चल रही थी। फिर उसके बाद मैंने युवक को सीपीआर भी दी। युवक को उल्टियां होने लगी इसके बाद युवक का शरीर धीरे-धीरे नीला पड़ने लगा और युवक ने दम तोड़ दिया।'
रविवार सुबह पुलिस व ग्रामीणों की मदद से शव को बारां पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है।