
बारां। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शुक्रवार दोपहर रामपुरिया गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दुपहिया वाहन सवार की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार अधेड़ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर भंवरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय किशनगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भंवरगढ़ थाना प्रभारी गोपीलाल आर्य ने बताया कि शुक्रवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रामपुरिया गांव के पास सड़क हादसा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक मौसम सिंह और पुरुषोत्तम नागर पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर एक अधेड़ व्यक्ति सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ा मिला।
पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया और घायल अवस्था में दिखाई दे रहे व्यक्ति को राजकीय चिकित्सालय किशनगंज पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक पुलिस जांच में मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के बरबन (बमौरी) निवासी रामस्वरूप धाकड़ पुत्र रंगलाल (39) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना देने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर नहीं रुका और वाहन समेत फरार हो गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग पर भी आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं।
हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हादसे के बाद फरार हुए ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में ट्रक के संबंध में जानकारी जुटा रही है और संभावित मार्गों पर भी पड़ताल की जा रही है।