बारां

Baran Accident: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, कोर्ट में पेशी पर जा रहे दो लोगों की मौके पर मौत

बारां जिले के बोहत कस्बे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की जान चली गई। दोनों बमोरी कलां के रहने वाले थे और न्यायालय में पेशी के लिए बारां जा रहे थे। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 6:05 PM IST
Baran Accident
Baran Accident: हादसे के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक व पुलिस के कब्जे में ट्रैक्टर चालक (फोटो-पत्रिका)

बारां। जिले के मांगरोल-बारां रोड पर बोहत कस्बे में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और न्यायालय में पेशी पर शामिल होने के लिए बारां जा रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया और हिरासत में ले लिया।

मांगरोल थानाधिकारी ज्ञानचंद मीणा ने बताया कि बमोरी कलां निवासी ओमप्रकाश सुमन (45) और बृजराज धाकड़ (55) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बारां जा रहे थे। बोहत कस्बे में सामने से मांगरोल की ओर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव मांगरोल अस्पताल पहुंचाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

कोर्ट में पेशी पर जा रहे थे दोनों

थानाधिकारी के अनुसार परिजनों के बयानों के आधार पर ट्रैक्टर चालक कालू सुमन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे डिटेन किया गया है। दोनों मृतकों के खिलाफ न्यायालय में एनडीपीएस का मामला विचाराधीन है। वे इसी मामले में पेशी पर शामिल होने के लिए बारां जा रहे थे।

बकरी को बचाने के प्रयास में बिगड़ा संतुलन

पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर चालक कालू सुमन ने बताया कि ट्रैक्टर के सामने अचानक बकरी आ गई थी। उसे बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बाइक से टक्कर हो गई। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर तेज रफ्तार में मांगरोल की ओर जा रहा था। पुलिस दोनों पक्षों के तथ्यों के आधार पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

आबादी क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों से खतरा

बोहत ग्राम सेवा समिति के जगदीश सिंह राठौड़ ने बताया कि कस्बे के आबादी क्षेत्र में करीब दो किलोमीटर लंबी सीसी रोड और 500 मीटर से अधिक डामर सड़क है। इसके बावजूद यहां से गुजरने वाले वाहन तेज रफ्तार से निकलते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग, मांगरोल के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर आबादी क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
31 Oct 2026, 6:05 PM IST
Published on: