
Baran Mandi : बारां. लहसुन मंडियो के खुले बाजार में करीब तीन चार दिनों से माल की आवक अचानक बढ़ जाने के कारण लहसुन के भाव औंधे मुंह गिर गए है। जिसके चलते लहसुन के भावों में 7 से 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल की एक साथ मंदी आ गई। जो लहसुन करीब एक सप्ताह पूर्व तक 26 हजार रुपए प्रति क्विंटल के उच्चतम भाव पर बिका वही बंद बाजार में शनिवार को 17 हजार 500 रुपए प्रति क्विंटल तक लुढ़क गया।
राजस्थान तथा मध्यप्रदेश की मंडियों में तीन चार दिनों से लहसुन की आवक बढ़ गई, वही मांग कमजोर तथा लिवाली सुस्त होने के कारण भावों में गिरावट आई है। बारां, कोटा की मंडियों के साथ ही मध्यप्रदेश की मंदसोर, नीमच, इन्दौर, पीपल्या तथा जावरा मंडियों में लहसुन की आवक करीब दोगुनी हो गई है। नए ऊंटी लहसुन की एमपी मे दस्तक भी हो चुकी है, वही दिसम्बर लास्ट तथा जनवरी प्रथम में ऊंटी की अच्छी आवक होना शुरू हो जाएगी। जिसके चलते स्टॉकिट्स बड़े किसान जिन्होंने भाव बढ़ने की उम्मीद में माल जमा कर रखा था, वे अब बेचने लगे है।
बारां लहसुन मंडी में मई माह में लहसुन उच्चतम 35 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बिक गया था। जिसके चलते स्टॉकिट्स व बड़े किसानों को भी उम्मीद थी कि आगे भावों में और उछाल आ सकता है। दीपावली के पूर्व तथा बाद तक भी लहसुन 27 हजार रुपए प्रति क्विंटल के उच्चतम भावों के आस-पास तक बिक रहा था। लेकिन अचानक आवक बढ़ने से भावों में गिरावट आई है। हालांकि बीज के समय भी अधिक उछाल नही आया।
मंडी में जहां करीब एक सप्ताह पूर्व तक 3 से 4 हजार कट्टे ही लहसुन की आवक हो रही थी। वह इन दिनों बढ़कर 6 से 7 हजार कट्टे पर पहुंच गई है। लिवाली सुस्त होने के कारण भाव गिर गए।
इस वर्ष जिले में गत वर्ष की तुलना में करीब 8 हजार हैक्टेयर में लहसुन का रकबा बढ़ा है। गत वर्ष जहां करीब 22 हजार हैक्टेयर में ही लहसुन की बुवाई की गई थी। वही इस वर्ष बढ़कर 30 हजार हैक्टेयर को पार कर गई है।
कृषि उपज मंडी स्थित लहसुन मंडी में शनिवार को बंद बाजार में बोम साइज 10 हजार से 17500 रुपए प्रति क्विंटल, फूलगोला 8000 से 10 हजार, लड्डू 6500 से 7500 तथा लाटरी 5200 से 6500 रुपए प्रति क्विंटल के भाव रहे।