
Baran Police : बारां. खाकी की पहचान केवल कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर यही खाकी मानवता, संवेदनशीलता और अपनत्व की मिसाल भी पेश करती है। ऐसा ही एक उदाहरण महिला थाना पुलिस ने पेश किया। जहां सड़क पर बेसुध मिली एक असहाय गर्भवती महिला के लिए पुलिसकर्मी सहारा बनकर सामने आए। थाना अधिकारी आशा सिंह ने बताया कि महिला के सड़क पर बेसुध अवस्था में मिलने की सूचना महिला थाना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही महिला थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकीय जांच में सामने आया कि महिला करीब सात माह की गर्भवती थी तथा गर्भस्थ शिशु की मृत्यु हो चुकी थी। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बारां पुलिस टीम ने तत्काल चिकित्सकीय उपचार की व्यवस्था करवाई। साथ ही महिला के परिजनों और परिवार के संबंध में जानकारी जुटाने के प्रयास शुरू किए। आवश्यक जानकारी नहीं मिलने पर उच्चाधिकारियों से संपर्क कर मार्गदर्शन प्राप्त किया गया।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक पहलू तब सामने आया, जब महिला के परिजनों से संपर्क करने पर उन्होंने उसके साथ आने से इनकार कर दिया। ऐसी परिस्थिति में महिला थाना पुलिस ने पीछे हटने के बजाय अपनी मानवीय जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी। अगले तीन दिनों तक महिला पुलिसकर्मी अस्पताल में उसके साथ रहीं। उसके उपचार, खान-पान और दैनिक आवश्यकताओं का ध्यान रखा।
समय-समय पर चिकित्सकीय देखभाल सुनिश्चित करवाई और उसे हरसंभव सहयोग दिया। जिन परिस्थितियों में महिला को अपने परिवार के साथ की सबसे अधिक आवश्यकता थी, उन परिस्थितियों में महिला थाना पुलिस ने उसे अकेला नहीं छोड़ा। महिला की स्थिति में सुधार होने और चिकित्सकीय उपचार के बाद पुलिस ने आवश्यक समन्वय कर उसे सुरक्षित रूप से नारीशाला पहुंचाया गया, ताकि आगे भी उसकी देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।