
बारां। शहर समेत जिले के कई उपखण्ड क्षेत्रों में रविवार को कहीं कम तो कहीं अच्छी बरसात हुई है। शहर में करीब 10 मिनट तक अच्छी बरसात हुई। सर्वाधिक बरसात शाहाबाद में 30 एमएम दर्ज की गई। बरसात होने से जहां किसानों ने राहत की सांस ली, वहीं उमस भरे वातावरण से भी थोड़ी राहत मिली। बरसात के दौरान बिजली की तेज कड़कड़ाहट से कोटा रोड पर एक ट्रांसफार्मर फुंक गया।
जिले में शाहाबाद में 30 एमएम, बारां में 23, अटरू में 2 तथा किशनगंज में शाम चार बजे तक 02 एमएम बरसात हुई। जिससे मौसम में ठंडक घुल गई, लोगों को उमस से राहत मिली। शहर में मामूली बरसात से ही कई इलाकों में पानी का भराव शुरु हो गया था। हालांकि अधिक बरसात नहीं होने से भराव बढ़ नहीं पाया। अधिकतम तापमान 35 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार, मंगलवार तथा बुधवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
जिले के केलवाड़ा और हरनावदाशाहाजी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम व रविवार को बिजली गिरने से खेत पर काम कर रहे तीन किसानों की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
जिले के केलवाड़ा थाना क्षेत्र के हथवारी गांव के समीप शनिवार शाम बिजली गिरने से युवक सौरभ सहरिया (26) की मृत्यु हो गई। वह खेत पर काम कर रहा था। अचानक मौसम खराब होने और तेज बारिश से बचने के लिए नीम के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। केलवाड़ा थाना पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हरनावदाशाहाजी थाने के एएसआई अखेराज सिंह ने बताया कि कचनारिया कलां निवासी दिनेश भील (22) रविवार दोपहर को अपनी दादी के साथ खेत पर काम कर रहा था। अचानक बूंदाबांदी के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से वह झुलस गया। परिजन उसे चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में मृतक की दादी को भी बिजली के झटके लगे। वहीं, शनिवार रात को हरनावदाशाहाजी थाना क्षेत्र के मोतीपुरा निवासी कमल सिंह मीणा (40) की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने मौत हो गई।