बारां

Rajasthan : भाजपा नेता से थाने में बदसलूकी, भाजपाइयों का धरना, अब नपेंगे अटरू सीआई

Rajasthan : जयपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सांभर जिला प्रचारक के साथ नरैना थाने में मारपीट के बाद बारां के अटरू थाने पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। अटरू थाना परिसर में भाजपाइयों ने धरना दे रखा है। वहीं पूर्व विधायक भी धरने में शमिल हैं।
2 min read
bjp leader rohit nagar mistreated police station atru ci face action
Rajasthan : अटरू थाने पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष से कथित बदसलूकी के विरोध में भाजपाइयों का धरना। फोटो पत्रिका

Rajasthan : अटरू (बारां). भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोहित नागर के साथ अटरू थाने पर सोमवार देर शाम पुलिसकर्मियों की ओर से कथित अभद्रता के मामले ने तूल पकड़ लिया। गुस्साए भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने रात को अटरू थाना परिसर में धरना शुरू कर दिया। रात सवा दस बजे तक धरना जारी था। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटरू सीआई अशोक वर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निलंबित करने की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार वार्ड 24 निवासी अजय वैष्णव झगड़े के एक मामले में शिकायत करने अटरू थाने गया था। वहां संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसने रोहित नागर को फोन कर थाने बुला लिया। रोहित नागर ने थाने पर चर्चा भी की। इसी दौरान अजय के घर से उसे फोन आ गया कि झगड़ा करने लोग वहीं आ गए। इसके बाद रोहित नागर ने सीआई से घर पर पुलिस जाप्ता भेजने को कहा। सीआई ने जाप्ता भेजने को कहा भी, लेकिन एक पुलिसकर्मी से रोहित नागर की मामूली बहस हुई। इस पर नागर ने सीआई से शिकायत की। आरोप है कि सीआई वर्मा ने पुलिसकर्मी का बचाव किया। इसी के चलते पुलिसकर्मियों व नागर के बीच तकरार हो गई।

सूचना पर पूर्व विधायक रामपाल मेघवाल, पार्षद कृष्णमुरारी दिलावर, भाजपा नेता मुकेश मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक मीणा समेत कई भाजपाई आ गए व थाना परिसर में धरना शुरू कर दिया गया। सीआई के निलंबन की मांग की जा रही है। अटरू के पुलिस उपाधीक्षक रामानन्द यादव ने बताया कि मामले की सम्पूर्ण जानकारी लेकर, उच्चाधिकारियों को अवगत करवा उचित कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

संघ प्रचारक को थाने के अंदर बुरी तरह पीटा

वहीं दूसरी तरफ रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सांभर जिला प्रचारक के साथ नरैना थाने में मारपीट और अभद्रता के मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना के विरोध में संघ के स्वयंसेवकों का गुस्सा फूट पड़ा, जिससे पूरे दिन थाने में तनावपूर्ण माहौल रहा। मामला बिगड़ते देख जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद नरैना पहुंचे और छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया। इस प्रकरण में सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया गया है। उधर, मारपीट में घायल जिला प्रचारक को नरैना से उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया है।

Updated on:
12 Oct 2026 10:56 pm
Published on:
12 Oct 2026 10:51 pm