
Youth Dies After 11KV Power Line Electric Shock: बारां जिले के शाहबाद क्षेत्र में करंट लगने से युवक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए थे। परिजनों ने उचित मुआवजा और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार फरेदुआ गांव निवासी मजबूत सिंह की खेत पर बिजली के तार खींचने के दौरान 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। हादसे के बाद शव को शाहबाद अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया था। घटना के बाद परिजन और समाज के लोग अस्पताल परिसर में एकत्रित हो गए और धरना शुरू कर दिया।
परिजनों का कहना था कि जब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया जाता और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग शामिल हुए और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और वे प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की मांग कर रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए बारां जिले के शाहबाद अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की नियमानुसार जांच की जाएगी और सरकार के नियमों के अनुसार हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के उचित सहायता दिलाने के आश्वासन के बाद परिजन सहमत हो गए। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को लेकर रवाना हुए। परिजनों की सहमति के बाद अस्पताल में चल रहा गतिरोध समाप्त हुआ और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।