
Kuldeep Mahawar: लोक गायक कुलदीप (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
बारां। मंच पर अपनी आवाज से लोगों को भक्ति और लोकगीतों की दुनिया में ले जाने वाला एक युवा लोक गायक आखिर जिंदगी की जंग हार गया। महज 25 वर्षीय लोक कलाकार कुलदीप महावर ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इलाज के लिए पहले बारां जिला अस्पताल और बाद में कोटा रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। अपने पीछे छोड़े गए सुसाइड नोट में कुलदीप ने आर्थिक परेशानियों, कर्ज के दबाव और लगातार मिल रही प्रताड़ना का दर्द बयां करते हुए लिखा कि 'मेरा किसी ने साथ नहीं दिया।'
कुलदीप ने सुसाइड नोट में लिखा- 'बंटी सुमन, अंकुश शर्मा, हेमंत राव ने परेशान कर दिया। देने के लिए मेरे पास पैसे नहीं है। अलविदा सबको- मेरा किसी ने साथ नहीं दिया।' कुलदीप ने आगे लिखा- 'मेरी प्यारी मम्मी, भाई, दादी, चाचा, नाना, मामा सबसे मिलने जरूर आऊंगा। इसमें किसी की कोई गलती नहीं है।'
बारां शहर की लंका कॉलोनी निवासी कुलदीप धार्मिक कार्यक्रमों, जागरण और लोक संगीत आयोजनों में अपनी प्रस्तुति के लिए जाना जाता था। परिजनों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से बेहद तनाव में था, लेकिन उसने किसी से खुलकर अपनी परेशानी साझा नहीं की। उसकी मौत के बाद मिले सुसाइड नोट ने परिवार को भी झकझोर कर रख दिया।
सुसाइड नोट में कुलदीप ने कुछ लोगों के नाम लिखते हुए आरोप लगाया कि वे उसे लगातार परेशान कर रहे थे। उसने लिखा कि उसके पास पैसे नहीं बचे थे, गाने-बजाने का सामान भी उससे छीन लिया गया और उसे जान से मारने तक की धमकियां मिल रही थीं। नोट में उसने अपने परिवार से भावुक शब्दों में विदाई लेते हुए लिखा कि 'उसकी मां, भाई और अन्य परिजनों को कोई परेशान न करे। साथ ही यह भी उल्लेख किया कि उसके घर पैसे मांगने कोई न आए, क्योंकि वह सभी का हिसाब चुकाकर जा रहा है।'
मृतक के दोस्त विनोद ने बताया कि बुधवार सुबह कुलदीप उसके घर पहुंचा था। उसने तबीयत खराब होने की बात कही और ईनो मंगवाने के लिए 50 रुपए दिए। कुछ देर बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी और मुंह से झाग निकलने लगा। इस पर कुलदीप ने खुद अस्पताल ले चलने की बात कही। परिजनों को सूचना देने के बाद उसे बारां जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने डॉक्टरों के सामने विषाक्त पदार्थ खाने की बात स्वीकार की। हालत गंभीर होने पर उसे कोटा रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां ममता ने बताया कि उन्हें अब पता चला है कि कुलदीप पर करीब तीन से चार लाख रुपए का कर्ज था। कुछ दिन पहले उसका संगीत उपकरण भी उससे छीन लिया गया था और वह लगातार फोन पर धमकियों से परेशान था। परिवार का कहना है कि उन्हें उसकी तकलीफ का अंदाजा नहीं था।
बारां कोतवाली थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों ने एक उभरते लोक कलाकार को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया।
Updated on:
09 Jul 2026 04:15 pm
Published on:
09 Jul 2026 04:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
