12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Baran News: आंगन में सो रहे युवक पर कुल्हाड़ी से हमला, सिर में धंसी कुल्हाड़ी के साथ कोटा रेफर

Baran News: बारां में भंवरगढ़ की प्रेमनगर सहरिया बस्ती में आंगन में सो रहे रामजीलाल सहरिया पर अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वार इतना गहरा था कि कुल्हाड़ी सिर में फंस गई। गंभीर घायल को कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
2 min read
Google source verification

बारां

image

Arvind Rao

Jul 12, 2026

Baran Bhanwargarh News

घायल युवक का इलाज जारी (पत्रिका फोटो)

Baran Bhanwargarh News: बारां जिले के भंवरगढ़ कस्बे में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। प्रेमनगर सहरिया बस्ती में अपने घर के आंगन में सो रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावर ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना बर्बर और जोरदार था कि कुल्हाड़ी युवक के सिर की हड्डी को चीरती हुई उसमें अंदर तक फंस गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया है, जहां चिकित्सक उसकी जान बचाने के प्रयास में जुटे हैं।

गहरी नींद में था युवक, तभी हुआ हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से केलवाड़ा थाना क्षेत्र के सिरसौद निवासी रामजीलाल सहरिया वर्तमान में भंवरगढ़ की प्रेम नगर सहरिया बस्ती में रह रहा था। शनिवार रात करीब ढाई बजे रामजीलाल अपने घर के बाहर आंगन में पलंग पर गहरी नींद में सो रहा था।

इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर दबे पांव आया और सोते हुए रामजीलाल के सिर पर कुल्हाड़ी से जोरदार प्रहार कर दिया। प्रहार इतना तेज था कि कुल्हाड़ी सिर में ही धंसकर अटक गई। रामजीलाल की चीख सुनकर परिजन तुरंत बाहर भागे, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुका था।

प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर

खून से लथपथ और सिर में फंसी कुल्हाड़ी के साथ परिजन घायल रामजीलाल को तुरंत भंवरगढ़ के राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। युवक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा।

हालांकि, जिला अस्पताल में भी स्थिति काबू से बाहर होने के कारण उसे तुरंत कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रविवार शाम तक भी युवक के सिर से कुल्हाड़ी नहीं निकाली जा सकी थी और उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

मामले की जांच और आरोपी की तलाश जारी

भंवरगढ़ थानाधिकारी गोपीलाल आर्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए घटनास्थल का मुआयना किया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

हमला किस रंजिश के तहत किया गया या इसके पीछे क्या कारण था, इसका पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरी सहरिया बस्ती में दहशत का माहौल है।