अब डाक विभाग के माध्यम से पेंशनर्स को घर बैठे जीवित प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की सौगात दी जा रही है। इससे बुजुर्ग महिला-पुरूषों को यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क/बारां। अब डाक विभाग के माध्यम से पेंशनर्स को घर बैठे जीवित प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की सौगात दी जा रही है। इससे बुजुर्ग महिला-पुरूषों को यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा। जिले में भी हजारों बुजुर्गों को खासी राहत मिलेगी। दरअसल भारतीय डाक विभाग के माध्यम से सभी विभागों के पेंशनरों को घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट देने की सुविधा शुरू की गई है।
पेशनर्स को डाकघर पहुंचने के बाद तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत जीवित प्रमाण-पत्र जारी किए जा रहे हैं, लेकिन पेंशनर्स चाहे तो उसे डाक विभाग के माध्यम से घर पर भी जीवित प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जा सकता है। जिले में नगरपालिका, पंचायत समिति समेत विभिन्न सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त हुए करीब 6 हजार पेंशनर्स हैं।
पेंशन लेने जाने का झंझट भी नहीं
डाक विभाग की व्यवस्था के तहत पेंशनर को अपने इलाके के डाकिया से सम्पर्क करना होगा। क्षेत्र के सम्बंधित पोस्टमैन को पेंशनर का आधार नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक या डाकघर का खाता संख्या और पीपीओ नंबर आदि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना होगा। इसके बाद जाएगा। सम्बंधित पोस्टमैन घर बैठे यह प्रमाण-पत्र पेंशनर के हाथों में सौपेंगा। वहीं, जीवित प्रमाणपत्र बनाने के साथ ही पेंशनर घर बैठे पेंशन राशि भी खाते से निकाल सकते हैं।
पेंशनरों से प्रत्येक वर्ष सामान्यतया नवंबर व दिसंबर माह में कोषागार, बैंक या संबंधित विभाग की ओर से जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के लिए कहा जाता है। इसके लिए दूर-दराज क्षेत्रके पेंशनरों को कोषागार पहुंचने में असुविधा का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्र के पेशनर्स को बस, बाइक व राहगीरों से मदद लेना पड़ता है। डाक विभाग की इस पहल से पेंशनरों को राहत मिलेगी। वैसे फिलहाल राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए वर्तमान में जीवित प्रमाण-पत्र जमा कराने की अवधि 31 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया है।
यह भी पढ़ें : यहां कड़ाके की सर्दी में सरेराह बिकता है ‘बर्फ खान गोला’
डाक विभाग के सभी डाकघरों में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए यह सुविधा दी जा रही है। पेंशनर अपने नजदीकी डाकघर के डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक के माध्यम से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जारी करा सकते हैं। इसके लिए तय शुल्क देनी होगी।
भानु प्रताप सहायक अधीक्षक, मुख्य डाकघर, बारां