Baran Murder Case: वृद्ध की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या करने वाला मृतक का दोहिता ही निकला।
बारां। सारथल थाना क्षेत्र में वृद्ध की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या करने वाला मृतक का दोहिता ही निकला। इसने मात्र दो हजार रुपए नहीं देने पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि फरियादी भैरूलाल कुशवाह (70) निवासी सारथल ने रिपोर्ट दी थी कि उसका बड़ा भाई बद्रीलाल (80) नवरात्र के दौरान खेत पर पूजा-पाठ कर रहा था। 26 मार्च की रात को वह खेत पर ही सो गया। अगले दिन सुबह परिजन पहुंचे तो उसका शव कुएं में पड़ा मिला, सिर पर चोट व पैर बंधे होने से हत्या की आशंका जताई गई।
सारथल थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी व वृत्ताधिकारी ताराचंद के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल, एफएसएल व डॉग स्क्वायड की मदद से जांच कर करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
जांच के दौरान रणजीत काछी (25) निवासी जिला झालावाड़ हाल निवासी सारथल को संदिग्ध मानकर अकलेरा बस स्टैंड से डिटेन किया गया। पूछताछ में उसने अपने नाना बद्रीलाल की हत्या करना स्वीकार किया। वारदात के बाद आरोपी रात भर गायब रहा तथा बाद सुबह मौसी गुड्डी बाई के घर जाकर सो गया। अगले दिन शाम करीब 6 बजे सारथल से इकलेरा जिला झालावाड़ की तरफ भाग गया था। रणजीत व उसकी मां सारथल में बहुत दिनों से मृतक बद्रीलाल के घर पर ही रह रहे थे।
आरोपी ने बताया कि उसने नाना से खर्च के लिए 2000 रुपए मांगे थे। रुपए नहीं देने पर उसने सोते समय पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी और शव के पैर बांधकर कुएं में डाल दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसके खिलाफ पूर्व में चोरी, मारपीट व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।