बारां

Rajasthan: बेटी के ससुराल में हुई मां की मौत, बैठने की चटाई भी जल गई, 11KV का तार टूटने से घर में दौड़ गया था करंट

Baran News: बारां जिले में करंट लगने से 2 अलग-अलग हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई। कवाई के टांचा गांव में 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटने से घर में करंट फैल गया और मांगरोल में छत पर कपड़े सुखाने के दौरान करंट लगने से बुजुर्ग महिला की जान चली गई।
2 min read
Jul 22, 2026
Woman Died From Electric Shock
मृतक महिला की फोटो: पत्रिका

Woman Died From Electric Shock: बारां के कवाई क्षेत्र के ग्राम टांचा में 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर LT लाइन पर गिर गया। इससे मोहल्ले के करीब आठ से दस घरों में अचानक करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से कलावती बाई (55) पत्नी राधेश्याम, निवासी अरनेटा गांव, केशोरायपाटन (जिला बूंदी) की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव निवासी ओम गौतम के अनुसार 11 केवी लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिरने से घरों में अचानक हाई वोल्टेज करंट फैल गया। कलावती बाई अपनी बेटी सोनी मेहरा पत्नी मुकेश से मिलने ग्राम टांचा उसके ससुराल आई हुई थीं। वह घर में कूलर के पास चटाई बिछाकर बैठी थीं। अचानक कूलर में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट इतना तेज था कि नीचे बिछी चटाई तक जल गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन शव को पैतृक गांव अरनेटा ले गए। बताया जा रहा है कि परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं करवाया।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि गांव की 11 केवी लाइन वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी है। कई बार लाइनों के रखरखाव और तार बदलने की मांग करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई। यदि समय रहते जर्जर तार बदल दिए जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने बताया कि जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, उसी रास्ते से प्रतिदिन स्कूल वैन बच्चों को लेने आती है। ऐसे में भविष्य में भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

कपड़े सुखाने के दौरान हुई मौत

मांगरोल स्थानीय थाना क्षैत्र के भैरूपुरा मोहल्ले में छत पर कपड़े सुखाने गई महिला को लगे करंट से बचाने गई परिवार की महिला भी घायल हो गई। मंगलवार सुबह कमलाबाई (75) निवासी भैरूपुरा अपने घर की छत पर कपड़े सुखाने गयी तो बिजली के तार से कपड़े सुखाने के तार में आए करंट से वह चिपक गई, उसके चिल्लाने पर घर की दूसरी महिला छोटी बाई सुमन (35) छुड़ाने दौडी तो वह तो करंट के झटके से गिरकर घायल हो गई। कमला बाई की मौके पर ही मौत हो गई। उप जिला चिकित्सालय पहुंचे पर चिकित्सक ने कमलाबाई को मृत घोषित कर दिया व छोटीबाई को प्राथमिक उपचार कर बारां रेफर कर दिया गया। कमला बाई का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया थाना प्रभारी ज्ञानचंद मीणा ने बताया कि दुर्घटना का मामला दर्ज किया है।

Updated on:
22 Jul 2026 12:00 pm
Published on:
22 Jul 2026 12:00 pm