
धरना देते ग्रामीण (फोटो: पत्रिका)
Youth Dies After 11KV Power Line Electric Shock: बारां जिले के शाहबाद क्षेत्र में करंट लगने से युवक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। परिजनों ने उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मामले को लेकर अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए जिसके बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार फरेदुआ गांव निवासी मजबूत सिंह की खेत पर बिजली के तार खींचने के दौरान 11KV बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। हादसे के बाद शव को बारां जिले के शाहबाद अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। आज सुबह से परिजन और समाज के लोग अस्पताल परिसर में एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन करने लगे। परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया जाता और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग पहुंचे और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
स्थिति को देखते हुए शाहबाद अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की नियमानुसार जांच की जाएगी और शासन के नियमों के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि खबर लिखे जाने तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से परिजनों से लगातार वार्ता की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि बातचीत के बाद सहमति बनने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
(खबर अपडेट की जा रही है।)
Updated on:
13 Jul 2026 12:29 pm
Published on:
13 Jul 2026 12:27 pm
