
MP Youth Marry Rajasthan Transgender: राजस्थान के बारां जिले के शाहाबाद क्षेत्र में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। देवरी निवासी किन्नर सोनू उर्फ रेशमा ने MP के गुना जिले के रहने वाले सागर राजपूत के साथ हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर विवाह कर लिया। दोनों की शादी गुरुवार को शाहाबाद स्थित सीनियर स्कूल के पास हनुमान मंदिर में संपन्न हुई। विवाह के दौरान सोनू की मां भी मौजूद रही। सोनू उर्फ रेशमा ने बताया कि उनकी पहली मुलाकात करीब 9 महीने पहले मथुरा रेलवे स्टेशन पर सागर से हुई थी। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और एक-दूसरे के मोबाइल नंबर शेयर कर लिए। इसके बाद दोनों लगातार फोन पर बात करते रहे और अच्छे दोस्त बन गए। समय के साथ दोनों की दोस्ती गहरी होती गई और ये रिश्ता प्यार में बदल गया। करीब 9 महीने तक एक-दूसरे को समझने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया।
सोनू उर्फ रेशमा के अनुसार जब उसने सागर के सामने विवाह का प्रपोजल रखा तो सागर ने सहमति जता दी। इसके बाद दोनों परिवारों को इस बारे में जानकारी दी। परिवार की ओर से किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ और सभी ने दोनों के फैसले का सम्मान किया। गुरुवार को दोनों बारां जिले के शाहाबाद पहुंचे जहां हनुमान मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर हिंदू परंपरा के अनुसार सात फेरे लिए और विवाह के बंधन में बंध गए। दोनों शादी करके अपने नवविवाहित जीवन से काफी खुश हैं।
शादी समारोह में रेशमा की मां लीलाबाई भी मौजूद रहीं। उन्होंने सबसे पहले नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और कहा कि 'वे अपने बच्चों की खुशी में ही खुश हैं। दोनों हमेशा साथ रहे और खुश रहें।' उनका कहना था कि यदि दोनों अपनी इच्छा से साथ रहना चाहते हैं तो परिवार को उनका साथ देना चाहिए।
शादी के बाद ये विवाह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने भी दोनों को शुभकामनाएं दीं। वहीं विवाह की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई। शादी के बाद दोनों देवरी स्थित घर पहुंचे जहां परिजनों और परिचितों ने उनका स्वागत किया।