
बारां। शहर में शुक्रवार देर रात युवक की हत्या के बाद सनसनी फैल गई। जहां 5-6 बदमाशों ने चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शहर के शिवाजी नगर स्थित लालबाई चौक के समीप शुक्रवार देर रात करीब आधा दर्जन युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वारकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आक्रोशित लोग रात को अस्पताल पहुंच गए और शनिवार सुबह भी अस्पताल में परिजनों व समाज के लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला अस्पताल के सामने धरना शुरू कर जाम लगा दिया।
बाद में पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक अस्पताल रोड पर प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक स्वयं सुबह प्रताप चौक पुलिस चौकी पहुंचे तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परिजनों की ओर से पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शिवाजी कॉलोनी निवासी मनीष शर्मा उर्फ बिट्टू (30) आंबेडकर सर्किल से घर लौट रहा था। इस दौरान लाल बाई चौक के समीप घात लगाकर बैठे लोगों ने रास्ते में घेर लिया और चाकू आदि धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर पड़ोसी युवक दीपू ने शोर किया तो मौके से बदमाश भाग गए। बाद में पुलिस मौके पर और जिला अस्पताल पहुंची। इस मामले में राजेन्द्र गहलोत, उसके भाई कमल गहलोत व चिन्टू, राहुल यादव एवं अनिल यादव के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है।
परिजनों का कहना है कि मृतक मनीष प्रॉपर्टी का काम करता था तथा उसका राजेन्द्र गहलोत आदि से प्रॉपर्टी के लेनदेन को लेकर रंजिश चल ही थी। रंजिश के दौरान ही दो दिन पहले नारेडा रोड बरड़िया बालाजी क्षेत्र में बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो भाई-बहन की मृत्यु होने के मामले में मृतक मनीष शर्मा ने सोशल मीडिया पर कमेंट किया था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर भी आरोप लगाते हुए रोष व्यक्त किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने बताया कि प्रॉपर्टी की रंजिश को लेकर हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। मौका मुआयना कर वहां से दो बाइक जब्त की है और एफएसएल टीम ने ब्लड के सेंपल आदि अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।