बारां

Baran Accident: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, पति-पत्नी समेत 3 लोगों की मौत

राजस्थान के बारां जिले में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। केरवालिया-नृसिंहपुरा मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दोनों बाइकों पर सवार सभी तीनों लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

3 min read
Jun 21, 2026
Baran Accident
Baran Accident : हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटे लोग (फोटो-पत्रिका)

बारां। जिले के मोठपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। केरवालिया और नृसिंहपुरा के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान सभी ने एक-एक करके दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस के अनुसार, निमोदा निवासी बाबूलाल (65) अपनी पत्नी नरसा बाई के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान केरवालिया-नृसिंहपुरा मार्ग पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी मोटरसाइकिल पर गुंदलाई निवासी धर्मसिंह मीणा (38) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक (फोटो-पत्रिका)

एक-एक करके तीनों की हुई मौत

घटना की सूचना मिलने पर थानाधिकारी देवकरण चौधरी के निर्देश पर एएसआई हरिशंकर नागर पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल मोठपुर चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने बाबूलाल और उनकी पत्नी नरसा बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल धर्मसिंह मीणा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अटरू चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। तीनों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

सड़क पर पलटी बाइक (फोटो-पत्रिका)

पुलिस ने शवों को परिजनों को सौंपा

पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया। दोनों पक्षों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे तेज रफ्तार को कारण माना जा रहा है। एक ही घटना में तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

मुंडियर में बाइक डिवाइडर से टकराई, दो भाई घायल

मुंडियर में नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा से आगे रविवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को शाहाबाद से जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों घायल सगे भाई बताए गए हैं। एएसआई सुमेर सिंह ने बताया कि बाइक सवार युवक संतोष और ललित मुंडियर में किसी रिश्तेदार के यहां से शादी में देवरी घर जा रहे थे। अचानक बाइक डिवाइडर से टकराने से दोनों घायल हो गए। उन्हें टोल प्लाजा की एंबुलेंस से शाहाबाद राजकीय अस्पताल भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बारां रेफर कर दिया गया।

कवाई में पिकअप की टक्कर से पिता-पुत्र गंभीर घायल

कस्बे के निकट नेशनल हाईवे पर छीपाबड़ौद रोड स्थित राणा पाट की घुमावदार पुलिया के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बारां जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।

एएसआई प्रकाश नागर ने बताया कि सालपुर निवासी फरियाद पुत्र कल्लू खां (45) अपने पुत्र आलम (18) के साथ मोटरसाइकिल से कवाई होते हुए सालपुर गांव बीज लेने जा रहे थे। इसी दौरान छीपाबड़ौद की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा राणा पाट स्थित घुमावदार पुलिया के समीप हुआ। टक्कर के बाद पुलिया निर्माण कार्य में लगे मजदूर मौके पर पहुंचे और घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया।

बयान देने की हालत में नहीं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद वहां से चला गया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बारां रेफर कर दिया। एएसआई प्रकाश नागर ने बताया कि दोनों घायल फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पीड़ितों के बयान और रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
21 Jun 2026 10:34 pm
Published on:
21 Jun 2026 10:17 pm