बारां

मुफ्त वैक्सीन से मिलेगा कैंसर से बचाव, जानिए कौन हैं पात्र और कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन

Free HPV Vaccination Registration: अभिभावक इसके लिए अपनी बेटियों का पंजीकरण ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं। वैसे स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी है।

2 min read
Apr 24, 2026
Cervical Cancer Free Vaccine
फोटो: पत्रिका

Cervical Cancer Vaccination Campaign: किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चिकित्सा विभाग की ओर से जिले में भी HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया है। अब तक जिले में 532 डोज लगाए जा चुके हैं।

अभिभावक इसके लिए अपनी बेटियों का पंजीकरण ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं। वैसे स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी है। सरकारी अस्पतालों में यह टीका निशुल्क उपलब्ध है, जबकि बाजार में इसकी कीमत करीब साढ़े चार हजार रुपए तक है।

Photo: Patrika

22 स्थानों पर हो रहा टीकाकरण

टीका लगाने के लिए 30 नवंबर 2010 से 30 मई 2012 के बीच जन्मी किशोरियां पात्र हैं। इसके तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका लगाया जा रहा है । समय पर लगाया गया यह छोटा-सा टीका भविष्य में बड़े रोग से सुरक्षा प्रदान कर सकता है। जिले में अंता, अटरू, बारां, छबड़ा, छीपाबड़ौद, किशनगंज, मांगरोल और शाहाबाद ब्लॉकों के सीएचसी व उपजिला अस्पताल समेत 22 टीकाकरण साइट चिन्हित कर वहां नियमित सत्र आयोजित किए जा रहे हैं ।

चिकित्सा विभाग के अनुसार एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जो त्वचा के संपर्क से फैलता है । इसके कुछ प्रकार गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर का कारण बन सकते हैं ।

स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान

टीकाकरण की संख्या बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिक्षा, महिला एवं बाल विकास व पंचायतीराज विभाग के सहयोग से स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा । प्रार्थना सभाओं में चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर और एचपीवी टीके के फायदे बताएंगे । विशेषज्ञों के वीडियो भी दिखाए जाएंगे । 9 से 14 वर्ष की उम्र में यह टीका सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है और सुरक्षित है । इससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सके ।

विभाग की ओर से किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है । अब तक 532 डोज लगाई जा चुकी है । अभिभावकों से बेटियों को समय पर यह टीका अवश्य लगवाने की अपील की गई है ।
- डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएचओ

Updated on:
24 Apr 2026 02:50 pm
Published on:
24 Apr 2026 01:20 pm