बारां

RSSB : सीईटी परीक्षा 1 से 3 दिसंबर को होगी, ड्रेस कोड से लेकर पाबंदियों तक, जानें सभी जरूरी नियम

RSSB : बारां. राज्य कर्मचारी चयन आयोग बोर्ड की ओर से आयोजित सीईटी परीक्षा 2026 (सीनियर सैकंडरी स्तर) आगामी 1 से 3 दिसंबर को रोजाना दो-दो पारियों में आयोजित की जाएगी।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 7:40 PM IST
rssb cet exam will be held from 1 to 3 Dec know restrictions dress code
Baran : फाइल फोटो पत्रिका।

RSSB : बारां. राज्य कर्मचारी चयन आयोग बोर्ड की ओर से आयोजित सीईटी परीक्षा 2026 (सीनियर सैकंडरी स्तर) आगामी 1 से 3 दिसंबर को रोजाना दो-दो पारियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के जिला उपसमन्वयक और अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में कुल 32 केन्द्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए बारां, अंता और अटरू क्षेत्र में केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा के जिला प्रभारी और अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार मेहता ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों के लिए आवश्यक नियुक्तियां की जा चुकी हैं। जिले में कुल 32 राजकीय और निजी केन्द्रों पर कुल छह पारियों में 44 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।

परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर एक घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा, इसके बाद किसी भी स्थिति में परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रथम पारी की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक और द्वितीय पारी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक होगी।
परीक्षार्थियों को आधार कार्ड की मूल कॉपी साथ लाना आवश्यक है। आधार कार्ड के अभाव में पेन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा वोटर आईडी में से एक दस्तावेज की मूल प्रति लानी होगी अन्यथा प्रवेश नहीं मिलेगा।

यह होगा ड्रेस कोड

परीक्षार्थियों को बोर्ड द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा, ऐसा नहीं करने पर उन्हें प्रवेश नहीं मिलेगा। मेटल बटन वाले स्वेटर, आभूषण, शॉल, मफलर, घड़ी, केलकुलेटर, बेल्ट, जींस, मोबाइल और कोई भी इलेक्ट्राॅनिक उपकरण लेकर आने पर पाबंदी रहेगी। पुरूष और महिला परीक्षार्थी केवल सामान्य कपड़े, शर्ट, पेंट, टी-शर्ट, कुर्ता-पायजामा, साड़ी और सलवार सूट पहनकर आ सकेंगे।

क्या होती है सीईटी परीक्षा

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित एक राज्य-स्तरीय स्क्रीनिंग और पात्रता परीक्षा है। यह सीधे किसी पद पर अंतिम चयन की परीक्षा नहीं है, बल्कि इसके स्कोर के आधार पर अभ्यर्थी राजस्थान सरकार की विभिन्न भर्तियों की मुख्य परीक्षा या अगले चरण के लिए पात्र और शॉर्ट लिस्ट होते हैं। एडीईओ मेहता के अनुसार इसमें क्वालिफाई करने पर परीक्षार्थी को आगे कई भर्तियों की प्रारंभिक चरण की परीक्षाओं से मुक्ति मिल जाती है।

Updated on:
29 Nov 2026, 7:40 PM IST
Published on: