बारां

बारां: कवाई में राहगीरों पर पत्थर फेंकने वाला युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

बारां में कवाई के फुलबड़ौदा गांव में अंडरपास के पास राहगीरों पर पत्थर फेंकने वाले युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा। जांच में युवक की पहचान हेमंत के रूप में हुई, जो मानसिक रूप से कमजोर है और दो-तीन दिन से लापता था।
2 min read
Aug 26, 2026
youth caught for throwing stones at passersby kawai
पुलिस थाना कवाई, बारां (पत्रिका फोटो)

कवाई (बारां): कवाई एरिया क्षेत्र के फुलबड़ौदा गांव के रास्ते रेलवे अंडरपास के पास मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक अज्ञात युवक अचानक सड़क से गुजर रहे राहगीरों पर पत्थर फेंकने लगा। युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पिछले कुछ दिनों से इलाके में बच्चा चोर और संदिग्ध गिरोह की चल रही अफवाहों के चलते ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद किसी बड़े आपराधिक गिरोह का सदस्य होने की आशंका में तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया

घटना की गंभीरता को देखते हुए बारां जिले की कवाई थाना पुलिस के दो गश्ती वाहन तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास के पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन मौके पर कोई अन्य संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया। इसके बाद पुलिस टीम ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर थाने ले आई और पूछताछ शुरू की।

पुलिस जांच में सच्चाई आई सामने

बुधवार सुबह पुलिस पड़ताल में युवक की पहचान हेमंत पुत्र पप्पूलाल (निवासी गोडिया मेहर, थाना बापचा) के रूप में हुई। पुलिस ने जब युवक के परिजनों से संपर्क किया, तो मामले की असली सच्चाई सामने आई। परिजनों ने बताया कि हेमंत मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज कोटा मेडिकल कॉलेज से चल रहा है।

वह पिछले दो-तीन दिनों से बिना बताए घर से लापता था और परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। सूचना मिलते ही परिजन कवाई थाने पहुंचे, जिसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पुलिस ने युवक को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इसी दौरान सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो तेजी से प्रसारित होने लगा, जिसमें युवक को बच्चा चोर या किसी अंतर्राज्यीय गिरोह का सदस्य बताकर भ्रामक दावे किए गए। इस वीडियो के कारण क्षेत्र के लोगों में भारी भ्रम और भय की स्थिति बन गई।

वायरल वीडियो पर पुलिस ने किया खंडन

कवाई थाना पुलिस ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए सोशल मीडिया पर चल रही खबरों का खंडन किया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में युवक के किसी भी आपराधिक गिरोह या असामाजिक गतिविधियों से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही बिना पुष्टि वाली अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखें।

Updated on:
26 Aug 2026 02:57 pm
Published on:
26 Aug 2026 02:57 pm